बंगाल में BJP की जीत के बाद आसनसोल में सालों बाद खुला दुर्गा मंदिर, VIDEO VIRAL
पश्चिम बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद आसनसोल में सालों से बंद दुर्गा मंदिर को फिर से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है। अग्निमित्रा पॉल की बड़ी जीत के बाद यह घटना चर्चा में है। राज्य में अब मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस भी बना हुआ है।
आसनसोल: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद राज्य की सियासत के साथ-साथ सामाजिक माहौल में भी बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इसी कड़ी में आसनसोल से एक अहम खबर सामने आई है, जहां वर्षों से बंद पड़ा दुर्गा मंदिर अब श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया गया है।
यह मंदिर श्री दुर्गामाता चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित है और लंबे समय से बंद होने के कारण स्थानीय लोगों में इसकी चर्चा होती रही थी। अब बीजेपी की जीत के बाद मंदिर के खुलने को लेकर इलाके में नई हलचल देखने को मिल रही है।
अग्निमित्रा पॉल की जीत बनी चर्चा का केंद्र
आसनसोल दक्षिण सीट से भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने 40,839 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। उनकी इस जीत ने उन्हें राज्य की राजनीति में और मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है। अग्निमित्रा पॉल पहले से ही एक लोकप्रिय चेहरा रही हैं और अब उनका नाम मुख्यमंत्री पद की संभावित दावेदारों में भी लिया जा रहा है।
#WATCH | A Durga temple, managed by the Shri Shri Durgamata Charitable Trust in West Bengal's Asansol, reopened to devotees after remaining shut for several years.
— ANI (@ANI) May 5, 2026
BJP leader Agnimitra Paul won the Asansaol Dakshin seat with a margin of 40,839 votes. pic.twitter.com/CojN84s6mp
बंगाल में बीजेपी का ऐतिहासिक प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल में इस बार भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता हासिल करने की ओर कदम बढ़ाया है। पार्टी को 207 सीटें मिली हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। इसके अलावा कांग्रेस और एजेयूपी को 2-2 सीटें, जबकि सीपीआईएम को एक सीट पर संतोष करना पड़ा है।
मुख्यमंत्री को लेकर बना सस्पेंस
हालांकि इतनी बड़ी जीत के बाद भी मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर स्थिति अभी साफ नहीं हुई है। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से इस प्रक्रिया को लेकर मंथन जारी है। जानकारी के मुताबिक, अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है और जल्द ही विधायक दल की बैठक में नेता का चयन किया जाएगा।
CM रेस में कई बड़े नाम
राज्य में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कई प्रमुख नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। इनमें शुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है, जिन्होंने इस चुनाव में ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। इसके अलावा अग्निमित्रा पॉल भी एक मजबूत दावेदार के रूप में उभर रही हैं।
