NEET के बाद अब TET परीक्षा में पेपर लीक, कल होने वाली परीक्षा रद्द
महाराष्ट्र I महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर पेपर लीक का एक नया मामला सामने आने के बाद परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। यह परीक्षा रविवार, 27 जून 2026 को आयोजित होने वाली थी।
जानकारी के अनुसार, भिवंडी में कुछ लोगों के पास परीक्षा से जुड़े प्रश्नों की गोपनीय जानकारी होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की। भिवंडी पुलिस ने तत्काल छापा मारकर मौके से संदिग्ध सामग्री बरामद की और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
मामले की पुष्टि के लिए महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान सामने आया कि बरामद किए गए कुछ प्रश्न TET जून 2026 के संभावित प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते हैं।
इसके बाद पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। शिक्षा विभाग ने स्थिति को देखते हुए रविवार को होने वाली टीईटी परीक्षा को स्थगित करने का फैसला किया है। विभाग ने कहा है कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
