राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में मंथन तेज, खरगे समेत कई बड़े नामों पर चर्चा
New Delhi : आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन तेज हो गया है। कांग्रेस समेत विभिन्न दल संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी दल की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन कई प्रमुख नेताओं के नाम चर्चा में हैं।
कर्नाटक से खरगे की दावेदारी मजबूत
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का कर्नाटक से राज्यसभा जाना लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा शर्मिला रेड्डी का नाम भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल बताया जा रहा है। वहीं तीसरी सीट के लिए मंसूर अली खान का नाम सबसे आगे चल रहा है।
तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती पर नजर
तमिलनाडु से कांग्रेस नेता प्रवीण चक्रवर्ती को राज्यसभा भेजे जाने की चर्चा तेज है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी नेतृत्व उनके नाम पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
वहीं राजस्थान से राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा और नीरज दांगी के नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं। पार्टी नेतृत्व जल्द ही इस संबंध में अंतिम निर्णय ले सकता है।
जल्द हो सकती है आधिकारिक घोषणा
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि विभिन्न राज्यों में राज्यसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर लगभग सहमति बन चुकी है। आने वाले दिनों में कांग्रेस और अन्य दलों की ओर से आधिकारिक सूची जारी की जा सकती है। राज्यसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दल सामाजिक, क्षेत्रीय और संगठनात्मक समीकरणों को ध्यान में रखकर उम्मीदवारों के चयन में जुटे हुए हैं।
