मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा: एयर इंडिया और इंडिगो के विमानों के पंख आपस में टकराए
मुंबई I मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा बाल-बाल टल गया, जब एयर इंडिया और इंडिगो के दो यात्री विमानों के पंख जमीन पर आपस में टकरा गए। घटना टैक्सीवे क्षेत्र में हुई, जहां दोनों विमान यात्रियों से भरे हुए थे, लेकिन सौभाग्य से किसी को भी कोई चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित रहे।
सूत्रों और एयरलाइंस के बयानों के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 मुंबई से कोयंबटूर के लिए उड़ान भरने की तैयारी में टैक्सीवे पर खड़ी थी। इसी दौरान हैदराबाद से मुंबई पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रही थी। आगे बढ़ते हुए इंडिगो विमान के विंगटिप (पंख का सिरा) ने खड़े एयर इंडिया विमान के विंगटिप से टकरा दिया। यह टक्कर जमीन पर हुई, उड़ान के दौरान नहीं।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि घटना 3 फरवरी को टेक-ऑफ से पहले इंतजार के दौरान हुई। दोनों विमानों के विंगटिप्स आपस में टकराए, जिससे एयर इंडिया के विमान के पंख के किनारे वाले हिस्से को नुकसान पहुंचा। टक्कर हल्की थी, लेकिन सुरक्षा नियमों के तहत इसे गंभीरता से लिया गया।
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा टीम सक्रिय हो गई। प्रभावित एयर इंडिया विमान को एहतियातन ग्राउंडेड कर दिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया। एयर इंडिया ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों और व्यवस्था की। दोनों विमानों (एयरबस A320 मॉडल) को तकनीकी जांच के लिए सेवा से बाहर रखा गया है।
एयरलाइंस ने घटना की सूचना एविएशन रेगुलेटर DGCA को दे दी है। DGCA की टीम ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट में किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की कोई जानकारी नहीं है। एयरपोर्ट संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा, लेकिन बाद में सामान्य हो गया।
इंडिगो ने भी पुष्टि की कि उनकी फ्लाइट 6E 791 लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय दूसरे विमान से संपर्क में आई। दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जांच में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया है। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी।
