Movie prime

एयर इंडिया का बड़ा फैसला: सभी पायलटों का डोप टेस्ट अनिवार्य, गांजा सेवन मामले के बाद सख्ती
 

 
 एयर इंडिया का बड़ा फैसला: सभी पायलटों का डोप टेस्ट अनिवार्य, गांजा सेवन मामले के बाद सख्ती
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। फुकेत-दिल्ली उड़ान के एक पायलट के डोपिंग टेस्ट में मरिझुआना (गांजा) के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद एयर इंडिया ने अपने सभी पायलटों के लिए पूर्ण डोप टेस्ट अनिवार्य कर दिया है। एयरलाइन ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कहा है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

कर्मचारियों को भेजे गए आधिकारिक पत्र में एयर इंडिया ने कहा कि कंपनी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा और नियामक मानकों का पूरी तरह पालन करती है। ये मानक यूरोप और अमेरिका जैसे प्रमुख वैश्विक विमानन क्षेत्रों के नियमों के अनुरूप हैं। इसके बावजूद यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एयर इंडिया ने अतिरिक्त कदम उठाने का निर्णय लिया है।

एयरलाइन के अनुसार, समूह के सभी पायलटों की जांच की जाएगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे किसी भी प्रतिबंधित दवा या नशीले पदार्थ का सेवन नहीं कर रहे हैं। यह डोप टेस्ट गुरुग्राम स्थित एयर इंडिया अकादमी के अलावा उड़ान के बाद फ्लाइट ब्रीफिंग केंद्रों और विभिन्न कार्यालयों में भी आयोजित किए जाएंगे।

सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने की पहल

कंपनी ने अपने पत्र में कहा कि नियामक मानकों से आगे बढ़कर उठाया गया यह कदम सुरक्षा और व्यावसायिकता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसका उद्देश्य यात्रियों, हितधारकों और समाज में यह विश्वास मजबूत करना है कि एयर इंडिया सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करती।

एयर इंडिया ने कहा कि दशकों से भारतीय विमानन के ध्वजवाहक के रूप में उसके पायलटों और कर्मचारियों ने अपनी पेशेवर दक्षता, कौशल और सुरक्षा के प्रति समर्पण से लाखों यात्रियों का भरोसा जीता है। कंपनी के अनुसार, यह विश्वास उसकी सबसे बड़ी संपत्ति है और इसे बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।

हाल के घटनाक्रम के बाद कई कर्मचारियों ने भी सुरक्षा और पेशेवर मानकों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया था। एयर इंडिया का मानना है कि यह पहल यात्रियों के भरोसे को और मजबूत करेगी तथा विमानन सुरक्षा के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करने में मददगार साबित होगी।