Movie prime

एअर इंडिया अब देगी सस्ता टिकट, फ्री खाना और लाउंज सुविधा होगी बंद
 

 
 एअर इंडिया अब देगी सस्ता टिकट, फ्री खाना और लाउंज सुविधा होगी बंद
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली: फुल सर्विस एयरलाइन Air India अब अपनी सेवाओं में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। कंपनी घरेलू और दो घंटे तक की छोटी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में खाने को वैकल्पिक बनाने की योजना बना रही है। यह नई व्यवस्था अगले एक-दो महीने में लागू हो सकती है।

इस बदलाव के बाद जो यात्री फ्लाइट में खाना नहीं लेंगे, उन्हें टिकट की कीमत में करीब 250 रुपये तक की राहत मिल सकती है। एयरलाइन पर बढ़ती लागत और घटती कमाई के दबाव को देखते हुए यह फैसला लिया जा रहा है।

लाउंज सुविधा भी हो सकती है अलग

एयर इंडिया बिजनेस क्लास यात्रियों के लिए एयरपोर्ट लाउंज सुविधा को भी अलग करने पर विचार कर रही है। यानी जो यात्री लाउंज का इस्तेमाल नहीं करेंगे, उन्हें सस्ता टिकट मिल सकता है।
मेट्रो शहरों में लाउंज का खर्च प्रति यात्री करीब 1100 से 1400 रुपये तक होता है, जबकि छोटे शहरों में यह 600 से 700 रुपये तक रहता है। औसतन एक यात्री पर लगभग 1000 रुपये खर्च आता है। कई यात्री समय की कमी के कारण लाउंज का उपयोग नहीं करते, ऐसे में यह कदम उनके लिए राहत भरा हो सकता है।

बढ़ती लागत बनी वजह

एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी और रुपये की कमजोरी के कारण एयरलाइंस की लागत तेजी से बढ़ रही है। भारत जैसे संवेदनशील बाजार में टिकट महंगे करने से यात्री ट्रेन या सड़क का विकल्प चुन सकते हैं। इसी वजह से एयर इंडिया सेवाओं को अलग-अलग कर लागत कम करने की रणनीति अपना रही है।

कंपनी पर आर्थिक दबाव

एयर इंडिया समूह अपने नए नैरो बॉडी विमानों को एयर इंडिया एक्सप्रेस में भेजने की योजना बना रहा है, जहां ज्यादा सीटें और कम लागत का मॉडल अपनाया जाता है। यहां मुफ्त खाना और लाउंज जैसी सुविधाएं नहीं होतीं।

कंपनी कमाई बढ़ाने के लिए बोर्डिंग पास पर विज्ञापन जैसे विकल्प भी तलाश रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस में यह मॉडल पहले से लागू है।

जानकारी के मुताबिक, पिछले वित्त वर्ष में एयर इंडिया को करीब 24 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। कंपनी अपने निवेशकों Tata Sons और Singapore Airlines से अतिरिक्त फंड की मांग भी कर चुकी है।