दादरी रैली में अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, सपा ने महिलाओं के लिए खोला खजाना
New Delhi :अखिलेश यादव ने रविवार (29 मार्च) को दादरी में आयोजित रैली में हिस्सा लेते हुए महिलाओं के लिए बड़ा वादा किया। समाजवादी पार्टी
के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो ‘स्त्री समृद्ध सम्मान योजना’ के तहत महिलाओं को 40,000 रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
बीजेपी पर तीखा हमला
रैली के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पहले चुनाव और उपचुनाव बेईमानी से जीते जाते थे और फर्जी एनकाउंटर कराए गए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में अधिकारियों को बाद में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है क्योंकि अदालत में सजा व्यक्तिगत रूप से भुगतनी पड़ती है। उन्होंने हालिया SIR को NRC से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि “ड्राइक्लीन की दुकान” बन गई है, जहां भ्रष्ट लोग शामिल हो रहे हैं।
15 लाख और रोजगार के वादों पर घेरा
सपा प्रमुख ने भाजपा के पुराने चुनावी वादों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 15 लाख रुपये, हर साल करोड़ों नौकरियां और किसानों की आय दोगुनी करने जैसे वादे पूरे नहीं हुए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि नौकरी देना भाजपा के एजेंडे में कभी नहीं रहा, इसी वजह से पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर उनकी पार्टी इन मामलों की जांच कराएगी।
अग्निवीर योजना खत्म करने का वादा
अखिलेश यादव ने अग्निवीर योजना का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी पार्टी इस व्यवस्था को स्वीकार नहीं करती। उन्होंने कहा कि अगर सपा सरकार बनी तो अग्निवीर व्यवस्था को समाप्त करने का प्रयास किया जाएगा।
विकास और एक्सप्रेसवे को लेकर बयान
रैली में उन्होंने नोएडा और आसपास के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए दावा किया कि समाजवादी सरकार के समय सबसे ज्यादा विकास हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कुछ प्रोजेक्ट लोगों की जेब पर भारी पड़ेंगे।
सरकार बनने पर केस वापस लेने का वादा
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो जिन लोगों पर झूठे मुकदमे दर्ज हुए हैं, उन्हें वापस लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने मुआवजे और प्लॉट देने से जुड़े मुद्दों पर भी आश्वासन दिया।
रैली में उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में सपा और इंडिया गठबंधन उम्मीद से ज्यादा सीटें जीत सकता है।
