Movie prime

Akhilesh Yadav का हमला: अमेरिका-इजरायल हमलों पर केंद्र की चुप्पी क्यों? बोले– देश में ‘सरकार-शून्यता’ का दौर
 

 
 Akhilesh Yadav का हमला: अमेरिका-इजरायल हमलों पर केंद्र की चुप्पी क्यों? बोले– देश में ‘सरकार-शून्यता’ का दौर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल के हमलों का असर भारत की सीमाओं के करीब और हिंद महासागर तक पहुंचना देशवासियों के लिए गंभीर चिंता का विषय है, लेकिन इस पूरे मुद्दे पर केंद्र सरकार ने अभूतपूर्व चुप्पी साध रखी है।

अखिलेश यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि स्पष्ट किया जाना चाहिए कि सरकार की यह खामोशी सामान्य चुप्पी है या किसी विशेष भय के कारण “घिग्घी बंधना” है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि आखिर भाजपा सरकार की ऐसी क्या मजबूरी है कि उनके होंठ जैसे किसी ने सिल दिए हों।

उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय मुद्दा है, इसलिए देश की सरकार, विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय की संयुक्त जिम्मेदारी बनती है कि वे देश के सामने अपना स्पष्ट पक्ष रखें। लेकिन कई दिनों की प्रतीक्षा के बाद भी सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आने के कारण विपक्ष को मजबूर होकर बोलना पड़ रहा है।

सपा प्रमुख ने कहा कि मौजूदा संकटकाल में सरकार को आगे आकर देश की जल, थल और वायु सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कुछ कह भी नहीं रही है, जिससे देशवासियों में चिंता और असमंजस की स्थिति बन गई है।

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए अस्पष्ट नीति अपनाती है, ताकि लोग अटकलों में ही उलझे रहें। उन्होंने दावा किया कि आगामी संसद सत्र में भी भाजपा किसी विवादास्पद मुद्दे को उठाकर अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने की कोशिश कर सकती है।

उन्होंने अंत में कहा कि मौजूदा हालात देखकर ऐसा लग रहा है कि देश में “सरकार नाम की कोई चीज नहीं है” और यह समय “सरकार-शून्यता” का दौर बन गया है।