Movie prime

अखिलेश का BJP पर हमला: SIR को बताया वोटर लिस्ट काटने की साजिश, किस बात की है इतनी जल्दी

 
 अखिलेश का BJP पर हमला: SIR को बताया वोटर लिस्ट काटने की साजिश, किस बात की है इतनी जल्दी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ I समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे लोकतंत्र के साथ धोखाधड़ी और मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम काटने की साजिश बताया।

अखिलेश ने कहा, “BLO पर जबरदस्ती का भयानक दबाव डाला जा रहा है। शादियों का सीजन चल रहा है, लोग व्यस्त हैं, लेकिन भाजपा को इससे कोई मतलब नहीं। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को सहायक बनाकर फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। फतेहपुर में एक सुपरवाइजर पर इतना दबाव डाला गया कि उन्होंने आत्महत्या कर ली। आखिर इतनी जल्दी क्यों है?”

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि SIR के जरिए खासकर पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग के वोटरों के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल के लोग कह रहे हैं कि चुनाव आयोग के हाथ खून से रंगे हैं। यह SIR, भाजपा और आयोग की मिलीभगत की साजिश है। संसद के बाद अब सड़क पर उतरेंगे।” मलिहाबाद में आत्महत्या करने वाले BLO विजय कुमार वर्मा की पत्नी संगीता को अखिलेश ने दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी।

सभी दलों से एकजुट होने की अपील

शुक्रवार को अखिलेश ने सभी विपक्षी दलों के साथ-साथ NDA के सहयोगी दलों से भी अपील की थी कि वे एकजुट होकर भाजपा के इस षड्यंत्र का पर्दाफाश करें। उन्होंने चेतावनी दी, “जो दल आज भाजपा को सहयोगी मान रहे हैं, सबसे पहले भाजपा उन्हीं का खात्मा करेगी।”

अखिलेश ने कहा कि आज वोट काटा जा रहा है, कल खेत-जमीन, मकान, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र और आरक्षण से नाम काटा जाएगा। फिर बात बैंक खातों और मध्यवर्ग के लॉकर तक पहुंच जाएगी। यह अंग्रेजों की गुलामी से भी बदतर स्थिति की ओर ले जाने वाली साजिश है।”

बिहार चुनाव पर साधा निशाना

बिहार विधानसभा चुनाव में हार पर अखिलेश ने कहा कि PDA हारा नहीं, उसे हराया गया है। भाजपा को PDA के बढ़ते जनाधार से डर लग रहा है। हमने जाति जनगणना की मांग की, लेकिन भाजपा जानती है कि इससे उसका नुकसान होगा, इसलिए टाल रही है।”