नई राजनीतिक पार्टी के गठन की तैयारी में अलंकार अग्निहोत्री, भाजपा पर साधा निशाना
बरेली। निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला करते हुए नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के मतदाता भाजपा से दूर हो चुके हैं और अब देश में एक नए विकल्प की आवश्यकता है।
महाशिवरात्रि के अवसर पर कैंट स्थित परशुराम धाम में दर्शन-पूजन के बाद समर्थकों को संबोधित करते हुए अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा “छद्म सनातनी” है और हिंदू-मुस्लिम भेदभाव व दंगों के भय का सहारा लेकर चुनाव जीतती रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का अस्तित्व अब समाप्ति की ओर है।
अलंकार ने बताया कि नई पार्टी के गठन को लेकर सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ताओं से सलाह ली जा रही है। अगले 20 से 25 दिनों में पार्टी के नाम, संविधान और घोषणा पत्र को अंतिम रूप देकर निर्वाचन आयोग के समक्ष आवेदन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नई पार्टी के लिए जारी की गई ई-मेल आईडी पर आए आवेदनों में 60 प्रतिशत लोग वर्तमान में भाजपा के पदाधिकारी हैं।
एसटी-एससी एक्ट को लेकर उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने सामान्य और ओबीसी वर्ग की भावनाओं की अनदेखी करते हुए इसे और कठोर बना दिया है। वहीं, एपस्टीन फाइल्स के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशों में इस मामले पर इस्तीफे हो रहे हैं, जबकि भारत में सच्चाई को छिपाया जा रहा है।
दिल्ली में रुचि तिवारी के साथ हुई घटना को दुखद बताते हुए उन्होंने कहा कि वह स्वयं उनसे मिले हैं और पूरा देश उनके साथ है। इस दौरान उन्होंने ब्राह्मण समाज के उच्च पदस्थ लोगों की चुप्पी पर भी नाराजगी जताई और कहा कि ऐसी चुप्पी के कारण बेटियों का सम्मान खतरे में पड़ रहा है।
