Movie prime

तेल संकट की अफवाहों के बीच सरकार ने दी राहत, रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रहीं

 
तेल संकट की अफवाहों के बीच सरकार ने दी राहत, रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रहीं
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

New Delhi : मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध और तेल संकट की आशंकाओं के बीच केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि भारत में कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और LPG तथा CNG की सप्लाई 100 फीसदी सामान्य है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में कहीं भी तेल की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है और सभी रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि कई राज्यों में कमर्शियल एलपीजी का वितरण भी शुरू कर दिया गया है। पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं और सप्लाई चेन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता

सुजाता शर्मा ने कहा कि एलपीजी की मांग बढ़ने के कारण स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, लेकिन घरेलू उपभोक्ताओं को लगातार गैस की सप्लाई दी जा रही है। ऑनलाइन बुकिंग में भी वृद्धि हुई है। डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड की व्यवस्था में सुधार हुआ है, जो पहले 53 प्रतिशत थी और अब बढ़कर 72 प्रतिशत हो गई है।

सरकार ने कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई में अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। साथ ही एलपीजी की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए राज्य सरकारें कार्रवाई कर रही हैं।

LPG से PNG पर शिफ्ट करने का विकल्प

सुजाता शर्मा ने बताया कि जो उपभोक्ता चाहें, वे एलपीजी से पीएनजी (PNG) कनेक्शन पर शिफ्ट हो सकते हैं। इसके लिए कस्टमर केयर या ऑनलाइन माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। पीएनजी कंपनियों ने नए उपभोक्ताओं के लिए विशेष ऑफर भी जारी किए हैं।

उन्होंने बताया कि सप्लाई व्यवस्था की निगरानी के लिए कई राज्यों में छापेमारी की जा रही है और 1100 रिटेल आउटलेट्स पर सरप्राइज निरीक्षण भी किए गए हैं।

भारत के लिए रवाना हुआ तेल और एलपीजी जहाज

सरकार के शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव के अनुसार भारतीय ध्वज वाला जहाज ‘जग लाडकी’ 14 मार्च को संयुक्त अरब अमीरात से लगभग 81,000 टन मुरबान कच्चा तेल लेकर भारत के लिए रवाना हुआ था और सुरक्षित रूप से मुंद्रा बंदरगाह पहुंचने वाला है।

इसके अलावा ‘शिवालिक’ एलपीजी शिप भी होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर भारत की ओर बढ़ रहा है और 16 मार्च की शाम तक देश पहुंचने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि फारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।