मुंगेर रैली में अमित शाह का बयान: 2005 में खत्म हुआ जंगलराज, अब फिर से नहीं लौटेगा
Patna : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को मुंगेर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार का यह चुनाव किसी व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाने का नहीं, बल्कि राज्य को लालू-राबड़ी के जंगलराज से बचाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि 2005 में बिहार की जनता ने लालू यादव और राबड़ी देवी के जंगलराज को उखाड़ फेंका था और नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास की राह चुनी थी।

अमित शाह ने कहा कि अगर लालू और राबड़ी दोबारा सत्ता में आए तो फिर से जंगलराज लौट आएगा। लेकिन अगर मोदी जी और नीतीश जी की सरकार बनी रही तो बिहार में विकास और सुशासन कायम रहेगा। NDA के पांचों दल पंच पांडवों की तरह एकजुट हैं, जबकि महागठबंधन आपस में ही लड़ रहा है।
गृह मंत्री ने आगे कहा कि NDA सरकार ने बिहार को नक्सलवाद और अपराध से मुक्त कराने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू-राबड़ी के शासनकाल में हत्या, डकैती, फिरौती और अपहरण जैसी घटनाएं आम थीं। उनके शासन में उद्योग धंधे बंद हो गए और बिहार पिछड़ गया, जबकि NDA सरकार ने कानून व्यवस्था बहाल की और प्रदेश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया।

अमित शाह ने विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 550 साल तक रामलला टेंट में रहे, लेकिन कांग्रेस, सपा, बसपा, ममता और लालू ने मिलकर राम मंदिर निर्माण का विरोध किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनवाया और अब सीतामढ़ी में भी 850 करोड़ रुपये की लागत से माता सीता का मंदिर बन रहा है। कांग्रेस और लालू परिवार हमेशा से भगवान राम के विरोधी रहे हैं।
