Movie prime

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन शुरू, 5 जुलाई तक कर सकेंगे ऑनलाइन अप्लाई
 

 
 राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन शुरू, 5 जुलाई तक कर सकेंगे ऑनलाइन अप्लाई
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। उच्च शिक्षण संस्थानों और पॉलिटेक्निक संस्थानों में कार्यरत शिक्षक 5 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह स्व-नामांकन आधारित होगी और इच्छुक शिक्षक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

इस पुरस्कार के लिए दो श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। श्रेणी-एक में उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षक और श्रेणी-दो में पॉलिटेक्निक संस्थानों के शिक्षक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए पूर्व या वर्तमान कुलपति, निदेशक, प्राचार्य और शिक्षक भी पात्र होंगे।

आवेदन करने वाले शिक्षकों को अपनी करियर प्रोफाइल के साथ दो से तीन मिनट का वीडियो क्लिप और उसका यूट्यूब लिंक भी जमा करना होगा। उच्च शिक्षा संस्थानों के शिक्षकों के लिए 25 पुरस्कार जबकि पॉलिटेक्निक संस्थानों के शिक्षकों के लिए 10 पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।

आवेदन करने के लिए शिक्षक के पास कम से कम पांच वर्ष का पूर्णकालिक शिक्षण अनुभव होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदन के समय आवेदक की आयु 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।

चयन प्रक्रिया में टीचिंग-लर्निंग इफेक्टिवनेस, आउटरीच गतिविधियां, रिसर्च एंड इनोवेशन और फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम को आधार बनाया जाएगा। चयनित शिक्षकों को मेडल, प्रमाणपत्र और 50 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी। यह पुरस्कार 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर दिए जाएंगे।