PM CARES Fund का ऑडिटेड डेटा जारी, 1 साल में 1,279 करोड़ बढ़ी राशि; जानें कुल बैलेंस
नई दिल्ली। PM CARES Fund की ताजा ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2025 तक फंड का कुल बैलेंस बढ़कर 8,452.07 करोड़ रुपये हो गया है। इसमें से करीब 92.8 प्रतिशत यानी 7,846.66 करोड़ रुपये की राशि शेड्यूल्ड बैंकों में फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के रूप में रखी गई है।
वित्त वर्ष 2024-25 की शुरुआत में PM CARES Fund में 7,173.03 करोड़ रुपये का बैलेंस था। इस दौरान घरेलू और विदेशी दान, ब्याज तथा रिफंड समेत कुल 1,279.91 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई। वहीं, पूरे साल फंड से केवल 87.85 लाख रुपये खर्च किए गए। इसके चलते साल के अंत में फंड का बैलेंस बढ़कर 8,452.07 करोड़ रुपये हो गया।
FD से 469 करोड़ रुपये से ज्यादा का ब्याज
ऑडिटेड अकाउंट्स के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में PM CARES Fund ने फिक्स्ड डिपॉजिट से 469.38 करोड़ रुपये का ब्याज अर्जित किया। वहीं, सेविंग्स बैंक खातों से 5.77 करोड़ रुपये की ब्याज आय हुई।
इस दौरान फंड को 479.04 करोड़ रुपये का घरेलू डोनेशन मिला, जबकि विदेशी डोनेशन के रूप में 92.83 लाख रुपये प्राप्त हुए। फंड को लागू करने वाली एजेंसियों से 324.66 करोड़ रुपये का रिफंड भी मिला। इसके अलावा FD पर मिले ब्याज पर TDS के रिफंड के तौर पर 13.49 लाख रुपये प्राप्त हुए।
कोरोना महामारी के दौरान बनाया गया था PM CARES Fund
PM CARES Fund का गठन 27 मार्च 2020 को कोविड-19 महामारी के दौरान एक पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के रूप में किया गया था। इसके अगले दिन यानी 28 मार्च 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से इस फंड में योगदान करने की अपील की थी।
फंड का उद्देश्य कोविड-19 जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने और भविष्य में आने वाली ऐसी ही संकट की स्थितियों में सहायता उपलब्ध कराना बताया गया था।
2019-20 में 3,076 करोड़ रुपये से अधिक का बैलेंस
फंड के शुरुआती वित्त वर्ष यानी 2019-20 में 3,075.85 करोड़ रुपये का स्वैच्छिक घरेलू योगदान और 39.68 करोड़ रुपये का विदेशी योगदान दर्ज किया गया था। ब्याज आय और 2.25 लाख रुपये की शुरुआती राशि को मिलाकर 31 मार्च 2020 को फंड का बैलेंस 3,076.63 करोड़ रुपये था।
2020-21 में सबसे ज्यादा रकम और खर्च
वित्त वर्ष 2020-21 में फंड में बड़े पैमाने पर योगदान आया। इस दौरान घरेलू डोनेशन से 7,183.78 करोड़ रुपये और विदेशी डोनेशन से 494.92 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। इसके अलावा नियमित बैंक खातों से 224.33 करोड़ रुपये की ब्याज आय हुई।
शुरुआती बैलेंस और अन्य प्राप्तियों को मिलाकर उस साल फंड के पास कुल 10,990.17 करोड़ रुपये उपलब्ध थे। कोविड-19 से जुड़े उपायों पर वित्त वर्ष 2020-21 में 3,976.17 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
2021-22 में ऑक्सीजन और कोविड सुविधाओं पर खर्च
वित्त वर्ष 2021-22 में फंड को स्वैच्छिक योगदान के रूप में 1,896.76 करोड़ रुपये और विदेशी योगदान के रूप में 40.12 करोड़ रुपये मिले। इस दौरान 3,716.29 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
इस राशि से ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट, 99,986 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, ऑक्सीजन कंट्रोल सिस्टम, कोविड अस्पताल और लिक्विड ऑक्सीजन से जुड़े उपकरणों पर खर्च किया गया। साल के अंत में फंड का बैलेंस घटकर 5,415.66 करोड़ रुपये रह गया।
2022-23 के बाद खर्च में आई बड़ी गिरावट
वित्त वर्ष 2022-23 में PM CARES Fund को 1,307.41 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जबकि खर्च 439.38 करोड़ रुपये रहा। इसके बाद क्लोजिंग बैलेंस बढ़कर 6,283.68 करोड़ रुपये हो गया।
वित्त वर्ष 2023-24 में कुल प्राप्तियां 904.95 करोड़ रुपये रहीं, जबकि खर्च घटकर महज 15.60 करोड़ रुपये रह गया। इसमें 15.38 करोड़ रुपये PM CARES for Children Scheme के तहत खर्च किए गए। 2023-24 के अंत में फंड का बैलेंस बढ़कर 7,173.03 करोड़ रुपये हो गया।
