Movie prime

आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर चलाने की तैयारी, 38 इमारतों को गिराने का आदेश

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

 

रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी एक बार फिर चर्चा में है। रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने विश्वविद्यालय परिसर में बने 38 भवनों को अवैध मानते हुए उनके ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई विस्तृत सुनवाई के बाद की गई है। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित भवन बिना स्वीकृत मानचित्र (नक्शे) के बनाए गए हैं, इसलिए इन्हें नियमों के विरुद्ध माना गया है।

जौहर यूनिवर्सिटी समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान द्वारा स्थापित की गई थी और वे इसके चांसलर भी हैं। फिलहाल आजम खान विभिन्न मामलों में जेल में बंद हैं।

40 में से केवल 2 भवनों का ही था स्वीकृत नक्शा

रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि जांच और सुनवाई के दौरान यह सामने आया कि विश्वविद्यालय परिसर में कुल 40 भवन बनाए गए हैं। इनमें से केवल दो भवनों के मानचित्र को स्वीकृति मिली थी, जबकि बाकी 38 भवन बिना किसी स्वीकृत नक्शे के निर्मित किए गए। इसी आधार पर इन्हें अवैध निर्माण मानते हुए ध्वस्तीकरण का आदेश पारित किया गया है।

डीएम ने बताया कि विश्वविद्यालय जिस क्षेत्र में स्थित है, वह वर्ष 2024 तक जिला पंचायत के अधिकार क्षेत्र में था और उसके बाद इसे रामपुर विकास प्राधिकरण के अधीन लाया गया। उन्होंने कहा कि दो भवनों का नक्शा पहले से स्वीकृत कराया गया था, जिससे यह स्पष्ट है कि निर्माण संबंधी नियमों की जानकारी थी। इसके बावजूद अन्य भवनों के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई।

15 दिन का समय, नहीं हटाए तो RDA करेगी कार्रवाई

रामपुर विकास प्राधिकरण ने विश्वविद्यालय प्रशासन को 15 दिन का समय दिया है। इस अवधि में यदि अवैध निर्माण स्वयं नहीं हटाए गए तो प्राधिकरण अपने स्तर पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम प्रदेश सरकार की अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त नीति के तहत उठाया गया है।

2006 में हुई थी जौहर यूनिवर्सिटी की स्थापना

मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की स्थापना वर्ष 2006 में की गई थी। विश्वविद्यालय की आधिकारिक जानकारी के अनुसार इसका परिसर रामपुर रेलवे स्टेशन से लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित है और 250 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है। यह विश्वविद्यालय पहले भी विभिन्न कानूनी और प्रशासनिक विवादों को लेकर सुर्खियों में रह चुका है।