Movie prime

खूबसूरत लड़की ने फेसबुक पर भेजी फ्रेंड रिक्वेस्ट, चैटिंग से वीडियो कॉल तक बढ़ी बात, फिर ऐसे लगाया युवक को ₹70 लाख का चूना

 
scam
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

पटना: डिजिटल दौर में सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना अब भारी पड़ सकता है। साइबर ठग पहले दोस्ती और भरोसे का रिश्ता बनाते हैं और फिर निवेश या ऑनलाइन कमाई का लालच देकर लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर देते हैं। पटना में ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां फेसबुक के जरिए एक युवती से दोस्ती के बाद निजी कंपनी में काम करने वाले युवक से करीब 70 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।

युवक मूल रूप से गया का रहने वाला है और वर्ष 2006 से पटना में रहकर एक निजी कंपनी में काम कर रहा है। उसकी फेसबुक पर एक युवती से दोस्ती हुई। युवती ने उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी, जिसे युवक ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों के बीच मैसेंजर पर बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे युवती ने युवक से प्रेम भरी बातें करनी शुरू कर दीं और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं।

कुछ समय बाद दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए। इसके बाद बातचीत व्हाट्सऐप और वीडियो कॉल तक पहुंच गई। इसी दौरान युवती ने युवक को एक ऑनलाइन बिजनेस मॉडल के बारे में बताया और उसमें निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया।

'ई-रोजर शॉप' के नाम पर निवेश का खेल

युवती ने युवक को 'ई-रोजर शॉप' नाम के ऑनलाइन बिजनेस मॉडल में पैसे लगाने के लिए तैयार किया। अधिक मुनाफे के लालच में युवक ने धीरे-धीरे रकम निवेश करना शुरू कर दिया। युवती लगातार उसे यह बताती रही कि उसके खाते में निवेश की रकम बढ़ रही है और उसे अच्छा रिटर्न मिल रहा है।

युवक भी उसके झांसे में आता गया और देखते ही देखते करीब 70 लाख रुपये निवेश कर दिए, लेकिन जब उसने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो पैसे नहीं निकल पाए। इसके बाद उसे समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है।

मामले की जानकारी होने के बाद युवक ने साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को युवती के मोबाइल नंबर और बातचीत से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई है। फिलहाल पटना पुलिस का साइबर सेल मामले की जांच कर रहा है।

डेटिंग ऐप पर दोस्ती, रेटिंग टास्क के नाम पर 2.94 लाख की ठगी

पटना में साइबर ठगी का यह अकेला मामला नहीं है। दानापुर के गोला रोड इलाके में रहने वाले एक युवक को भी ऑनलाइन दोस्ती के बाद ठगी का शिकार बनाया गया।

युवक की डेटिंग ऐप के जरिए रिचा शर्मा नाम की युवती से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच कुछ दिनों तक बातचीत और चैटिंग चलती रही। इसी दौरान युवती ने उसे एक रेटिंग ऐप के बारे में बताया। उसने दावा किया कि इस ऐप पर अलग-अलग प्रोडक्ट की रेटिंग करके घर बैठे अच्छी कमाई की जा सकती है।

कमाई के लालच में युवक ने रेटिंग टास्क के नाम पर करीब 2.94 लाख रुपये निवेश कर दिए। रकम जमा करने के बाद भी उससे लगातार और पैसे मांगे जाने लगे। इसके बाद युवक को शक हुआ और उसे समझ आया कि उसके साथ ठगी हो चुकी है।

सोशल मीडिया दोस्ती में बरतें सावधानी

साइबर ठगी से बचने के लिए सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले सावधानी बरतना जरूरी है। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन बिजनेस, ट्रेडिंग, रेटिंग टास्क या निवेश के नाम पर पैसे न भेजें। किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, बैंक डिटेल, पासवर्ड, UPI PIN या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें।

अगर किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निवेश के नाम पर बार-बार पैसे जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है या रकम निकालने के लिए अतिरिक्त शुल्क मांगा जा रहा है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं। साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए पुलिस या संबंधित साइबर अपराध सहायता तंत्र को सूचना दें, ताकि रकम को फ्रीज कराने और आरोपियों तक पहुंचने की संभावना बढ़ सके।