PM Modi की तारीफ में भूटान के PM ने लिखी चिट्ठी, कहा- वे मेरे बड़े भाई और विष्णु के अवतार
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने पीएम मोदी को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि वे उन्हें भगवान विष्णु का अवतार मानते हैं। तोबगे ने गुजरात मॉडल, विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और देशसेवा के प्रति मोदी के समर्पण की भी तारीफ की।
Bhutan PM on PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने उनकी जमकर तारीफ की है। तोबगे ने पीएम मोदी को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें भगवान विष्णु का अवतार माना था। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व, विकास कार्यों और देशसेवा के प्रति उनके समर्पण की भी सराहना की।
2019 की मुलाकात को याद किया
शेरिंग तोबगे ने अपने संदेश में 27 जुलाई 2019 को दिल्ली में पीएम मोदी के साथ हुई मुलाकात का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस समय उनकी पार्टी भूटान के चुनाव में हार चुकी थी और संसद में उसका कोई प्रतिनिधित्व नहीं था। वह खुद भी न तो प्रधानमंत्री थे और न ही सांसद। ऐसे में उन्होंने पीएम मोदी से एक आम नागरिक के तौर पर मुलाकात की थी।
तोबगे ने बताया कि मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल में पीएम मोदी से मिले सहयोग के लिए उनका धन्यवाद किया था। इसी दौरान उन्होंने कहा था कि मोदी हमेशा उनके बड़े भाई रहेंगे। उनके मुताबिक, यह सिर्फ उम्र में बड़े होने की वजह से नहीं था, बल्कि पीएम मोदी ने उनके साथ बड़े भाई जैसा स्नेह और व्यवहार किया था।
‘मैंने उन्हें विष्णु का अवतार माना’
शेरिंग तोबगे ने लिखा कि इसी बातचीत के दौरान उन्होंने पीएम मोदी से एक और बात कही थी। उन्होंने कहा था कि वह उन्हें भगवान विष्णु का अवतार मानते हैं। तोबगे के मुताबिक, उनके क्षेत्र में समझदार और नेक शासकों को लंबे समय से इस तरह देखा जाता रहा है।
तोबगे ने कहा कि बाद में उन्होंने खुद से सवाल किया कि आखिर उन्होंने पीएम मोदी के लिए ऐसा क्यों कहा था। क्या वह भावनाओं में बह गए थे या उनका आकलन गलत था? लेकिन जब उन्होंने बाद में पीएम मोदी के काम और नेतृत्व पर विचार किया तो उन्हें लगा कि उनका कहा हुआ सही था।
गुजरात के काम का भी किया जिक्र
भूटान के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर किए गए कामों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने करीब 13 वर्षों तक गुजरात के शासन में पीएम मोदी के काम को देखा था। उनके मुताबिक, इस दौरान गुजरात विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश और योजनाओं को जमीन पर उतारने के मामले में देश के लिए एक उदाहरण बना।
तोबगे ने आगे कहा कि उन्होंने बाद में पीएम मोदी को इसी सोच को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाते हुए देखा। उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग, विदेशी निवेश, वित्तीय समावेशन, स्वच्छता, तकनीक और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि इन सभी के पीछे सेवा और काम को पूरा करने पर लगातार जोर दिखाई दिया।
‘देश और लोगों की सेवा के प्रति अटूट समर्पण’
शेरिंग तोबगे ने पीएम मोदी की कार्यशैली की भी तारीफ की। उन्होंने उन्हें अनुशासित, ऊर्जावान और बेहद मेहनती जनसेवक बताया। उनके मुताबिक, पीएम मोदी की सबसे ज्यादा प्रभावित करने वाली बात देश और देशवासियों की सेवा के प्रति उनका अटूट समर्पण है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भारतीयों में खुद पर और अपने देश पर भरोसा मजबूत करने का काम किया है। तोबगे के अनुसार, यही गुण एक समझदार और नेक शासक की पहचान होते हैं।
पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर सरकार के प्रमुख के तौर पर अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी। 7 अक्टूबर 2026 को उनके सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे हुए। इस मौके पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और कई नेताओं तथा विदेशी नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
भूटान के पीएम शेरिंग तोबगे इससे पहले भी पीएम मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को लेकर सार्वजनिक रूप से उन्हें मित्र, भाई और मार्गदर्शक बता चुके हैं।
