Movie prime

NEET री-एग्जाम से पहले केंद्र का बड़ा एक्शन! टेलीग्राम पर 22 जून तक अस्थायी रोक
 

 
 NEET री-एग्जाम से पहले केंद्र का बड़ा एक्शन! टेलीग्राम पर 22 जून तक अस्थायी रोक
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की पेपर लीक की आशंका को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।

बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने निर्देश जारी करते हुए भारत में टेलीग्राम की सेवाओं पर 22 जून 2026 तक अस्थायी रोक लगाने को कहा है। यह कदम 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उठाया गया है।

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने केंद्र सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। एजेंसी का मानना है कि इस तरह के कदमों से परीक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी के अवैध प्रसार पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में सरकार और संबंधित एजेंसियां इस बार किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।

अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा अवधि के दौरान सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।