Movie prime

इंडिगो के बाद एयर इंडिया को बड़ा झटका: CEO कैंपबेल विल्सन ने छोड़ा पद
 

 
 इंडिगो के बाद एयर इंडिया को बड़ा झटका: CEO कैंपबेल विल्सन ने छोड़ा पद
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली: भारतीय एविएशन सेक्टर में इन दिनों बड़े स्तर पर नेतृत्व परिवर्तन देखने को मिल रहा है। इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स के इस्तीफे के कुछ ही दिनों बाद अब एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, कैंपबेल विल्सन को वर्ष 2022 में पांच साल के अनुबंध पर नियुक्त किया गया था, जिनका कार्यकाल जुलाई 2027 तक था। हालांकि, उन्होंने तय समय से पहले ही पद छोड़ने का फैसला लिया है।

इससे पहले, इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने 10 मार्च को इस्तीफा दिया था, जिसके बाद 30 मार्च को विलियम वाल्श को नया सीईओ नियुक्त किया गया।

एविएशन सेक्टर में यह बदलाव ऐसे समय पर हो रहे हैं, जब एयरलाइंस कई गंभीर चुनौतियों से जूझ रही हैं। इनमें पश्चिम एशिया संकट के कारण हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध, विमानों की आपूर्ति में देरी, परिचालन बाधाएं और बढ़ता वित्तीय दबाव शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि पिछले सप्ताह हुई बोर्ड बैठक में कैंपबेल विल्सन का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया था। हालांकि, जब तक नए सीईओ की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक वे कंपनी के साथ जुड़े रहेंगे।

अहमदाबाद हादसे के बाद बढ़ी थी चर्चा

कैंपबेल विल्सन के कार्यकाल के दौरान 12 जून 2025 को अहमदाबाद में एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर (फ्लाइट AI-171) दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 241 लोगों की जान चली गई थी। इस हादसे के बाद से ही उनके इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई थीं।

कंपनी ने की पुष्टि

एयर इंडिया ने मंगलवार को आधिकारिक बयान जारी कर कैंपबेल विल्सन के इस्तीफे की पुष्टि की। साथ ही बताया कि नए सीईओ की तलाश के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है, जो आने वाले महीनों में उत्तराधिकारी का चयन करेगी।