Movie prime

अब तक की सबसे बड़ी GST चोरी बेनकाब: 989 करोड़ की टैक्स चोरी, 335 फर्जी फर्मों पर 5478 करोड़ का फर्जी टर्नओवर

 
 अब तक की सबसे बड़ी GST चोरी बेनकाब: 989 करोड़ की टैक्स चोरी, 335 फर्जी फर्मों पर 5478 करोड़ का फर्जी टर्नओवर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

UP: उत्तर प्रदेश राज्य कर विभाग और एसआईटी ने देश की अब तक की सबसे बड़ी जीएसटी चोरी का पर्दाफाश किया है। मेरठ के मास्टरमाइंड इखलाक की डायरी से मिले सुराग के आधार पर 535 फर्मों की जांच पूरी कर ली गई है, जिसमें 335 फर्जी फर्मों के जरिए 5,478.35 करोड़ रुपये का फर्जी कारोबार और 989.13 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी पकड़ी गई है।

राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त ग्रेड-1 अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई जांच में खुलासा हुआ कि इखलाक गिरोह ने “एकेइंटरप्राइजेज” के नाम से देशभर में सैकड़ों बोगस फर्में बनाईं और इनके जरिए भारी मात्रा में इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का दुरुपयोग किया। सबसे ज्यादा कनेक्शन दिल्ली और गुजरात की फर्मों से मिले हैं। जांच में पता चला कि गुजरात की कई बड़ी फर्मों ने भी इस गिरोह से जुड़ी थीं और इन्होंने फर्जी बिलों के जरिए सरकार को चूना लगाया।

मुख्य खुलासे:
- कुल 535 फर्मों की जांच की गई
- 335 फर्में फर्जी पाई गईं
- इन फर्मों पर 5,478.35 करोड़ का फर्जी टर्नओवर दिखाया गया
- कुल जीएसटी चोरी: 989.13 करोड़ रुपये
- 200 फर्मों पर कोई लेन-देन ही नहीं मिला
- 126 फर्में CGST और 87 फर्में SGST से जुड़ी हुईं

कैसे शुरू हुई जांच?

24-25 अक्टूबर को मुरादाबाद में लोहे से लदे दो ट्रकों की चेकिंग के दौरान अधिकारियों को शक हुआ। जांच में दो मोबाइल नंबरों पर 144 फर्जी फर्में पंजीकृत मिलीं और करीब 400 करोड़ की चोरी का पहला खुलासा हुआ। इसके बाद SSP ने SIT गठित की। SIT ने मेरठ निवासी मुख्य आरोपी इखलाक को 22 नवंबर को उसके सहयोगी इत्तेहात आलम उर्फ दानिश कबाड़ी के साथ गिरफ्तार किया। इखलाक की डायरी से 535 फर्मों के नाम-नंबर मिले, जिनकी गहन जांच के बाद मौजूदा आंकड़े सामने आए।

अभी तक की कार्रवाई
- तीन FIR दर्ज (दो मुरादाबाद, एक लखनऊ में)
- दो आरोपी गिरफ्तार (इखलाक और दानिश कबाड़ी)
- गिरोह के सरगना सहित 6 अन्य सदस्य फरार, तलाश जारी

अपर आयुक्त अशोक कुमार सिंह ने कहा, “यह देश में अब तक का सबसे बड़ा GST घोटाला है। पूरे देश में फैले इस टैक्स चोरों के जाल को पूरी तरह तोड़ा जाएगा। जांच अभी जारी है और और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।”