Movie prime

Bihar News: मटन की जगह चिकन परोसा तो भड़क गए बाराती! जमकर चले लात-घूंसे

बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में निकाह के बाद भोज के दौरान मटन की जगह चिकन परोसने को लेकर बाराती और घराती आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें दूल्हा पक्ष के कई लोग घायल हो गए और अस्पताल में भर्ती कराए गए।

 
Bihar News
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Bihar News: बिहार के सहरसा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां निकाह की रस्में शांतिपूर्वक संपन्न होने के कुछ ही देर बाद शादी का माहौल हिंसा में बदल गया। आरोप है कि दूल्हा पक्ष को भोज में मटन (खस्सी) परोसने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन भोजन के दौरान चिकन परोसे जाने पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और कई लोग घायल हो गए।

निकाह के बाद भोज में शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, सिमरी बख्तियारपुर के वार्ड नंबर-12 बलवापार निवासी मोहम्मद अनवर के पुत्र मोहम्मद अब्दुल्ला उर्फ चांद का निकाह महिषी प्रखंड के राजनपुर निवासी मोहम्मद जाविद उर्फ मोटो की पुत्री के साथ तय हुआ था। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे निकाह की सभी रस्में सौहार्दपूर्ण माहौल में पूरी हुईं और इसके बाद मेहमानों के लिए भोज का आयोजन किया गया।

बताया जा रहा है कि जैसे ही बाराती भोजन के लिए बैठे, उन्हें मटन की जगह चिकन परोसा गया। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि पहले से मटन परोसने की बात तय हुई थी। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में बड़े विवाद का रूप ले बैठी।

देखते ही देखते चलने लगे लाठी-डंडे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। मामला इतना बढ़ गया कि लात-घूंसे और लाठी-डंडे चलने लगे। शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और मेहमान अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

इस मारपीट में दूल्हा पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में मोहम्मद आशिक, मोहम्मद इरफान, मोहम्मद हसन, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद जब्बार, मोहम्मद आतिफ और मोहम्मद महबूब समेत अन्य लोग शामिल हैं।

अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

दूल्हा पक्ष ने लगाया हमला करने का आरोप

घायल मोहम्मद इरफान, जो दूल्हे के चाचा हैं, ने आरोप लगाया कि भोजन को लेकर विवाद होने के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की जाएगी।


घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। दूल्हा पक्ष ने मामले में कानूनी कार्रवाई की बात कही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।