Movie prime

गोवा के बाद बंगाल में भी बिसलेरी पर कार्रवाई, जलपाईगुड़ी प्लांट के सैंपल में मिला Coliform बैक्टीरिया

बिसलेरी के पश्चिम बंगाल स्थित जलपाईगुड़ी प्लांट से लिए गए पानी के नमूने में Coliform बैक्टीरिया मिलने की पुष्टि हुई है। दोनों लैब की जांच में बैक्टीरिया पाए जाने के बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है। जानिए पूरा मामला और गोवा की पिछली कार्रवाई।

 
बिसलेरी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने में Coliform बैक्टीरिया मिलने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दे दी है। जांच में बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि दो प्रयोगशालाओं ने की है।

जलपाईगुड़ी प्लांट के सैंपल में मिला बैक्टीरिया

यह नमूना पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपारा गांव स्थित बिसलेरी के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से लिया गया था। जांच के दौरान पानी के नमूने में Coliform बैक्टीरिया पाया गया। प्राथमिक लैब के परीक्षण के बाद रेफरल फूड लैब ने भी इसकी पुष्टि की।

Coliform बैक्टीरिया पानी में सीवेज के रिसाव, पाइपलाइन में खराबी और अन्य माध्यमों से पहुंच सकता है। इस मामले में जिस पानी के नमूने की जांच की गई, वह बैच नंबर PB 201 का था। इस बैच की बिक्री पर 12 अगस्त 2026 को प्रतिबंध लगा दिया गया था।

अब FSSAI ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है।

गोवा प्लांट के मामले में भी हुई थी कार्रवाई

बिसलेरी के खिलाफ यह कार्रवाई गोवा स्थित कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के नमूने को लेकर हुई कार्रवाई के कुछ दिनों बाद सामने आई है। गोवा के मामले में पानी के नमूने में निर्धारित सीमा से अधिक ब्रोमेट पाया गया था। इसके बाद नमूने को असुरक्षित घोषित किया गया था।

कंपनी की अपील के बाद नमूने को रेफरल लैब भेजा गया, जहां जांच में Polynuclear Aromatic Hydrocarbons (PAHs) की मौजूदगी सामने आई। इसके बाद FSSAI ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी।

हालांकि, कंपनी ने अपने उत्पादों को सुरक्षित बताया था। बिसलेरी के मुताबिक, गोवा प्लांट में 30 सितंबर 2025 को छह नमूने लिए गए थे। इनमें से पांच नमूने निर्धारित मानकों पर खरे उतरे थे, जबकि एक नमूने में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया था, जबकि निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।

कंपनी ने कहा था कि उसने जांच के निष्कर्षों के खिलाफ अपील की थी। बिसलेरी के अनुसार, रेफरल लैब में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया, लेकिन जांच में PAHs की मौजूदगी सामने आई। कंपनी ने यह भी दावा किया था कि उसने बाद में FSSAI से मान्यता प्राप्त लैब में उसी नमूने की जांच कराई, जिसमें ब्रोमेट निर्धारित सीमा के भीतर मिला था।

पैकेज्ड पानी की कंपनियों पर बढ़ी निगरानी

FSSAI ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बाजार में गुणवत्ता जांच का दायरा बढ़ा दिया है। नियामक अलग-अलग ब्रांडों के पानी के नमूने लेकर उनकी जांच कर रहा है। इस अभियान में बिसलेरी समेत कई ब्रांडों के नमूने पहले भी लिए गए हैं।

पानी की गुणवत्ता जांच के अलावा, FSSAI उन ब्रांडों और कंपनियों पर भी नजर रख रहा है, जो स्थापित पैकेज्ड वॉटर ब्रांडों से मिलते-जुलते नाम या लेबल का इस्तेमाल कर रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले ब्रांडों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।