BJP ने वंदे मातरम् को लेकर पारित किया अहम प्रस्ताव, 10 बड़ी बातें जो जानना जरूरी
भाजपा ने कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा वंदे मातरम् के केवल पहले दो पदों के गायन के फैसले का विरोध किया है। पार्टी ने पूर्ण राष्ट्रीय गीत के सम्मान और विरासत की रक्षा का संकल्प लिया है। भाजपा देशभर में वंदे मातरम् के इतिहास और राष्ट्रीय महत्व को लेकर जागरूकता अभियान चलाएगी।
नई दिल्ली: वंदे मातरम् के गायन को लेकर कांग्रेस कार्यसमिति के फैसले के बीच भारतीय जनता पार्टी ने महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया है। भाजपा ने पूर्ण वंदे मातरम् के सम्मान और इसकी ऐतिहासिक विरासत की रक्षा का संकल्प लिया है। प्रस्ताव में कांग्रेस के 1937 के फैसले से लेकर राष्ट्रीय गीत को लेकर देशव्यापी जागरूकता अभियान तक कई मुद्दों का जिक्र किया गया है। आइए 10 प्वाइंट्स में जानते हैं BJP के प्रस्ताव में क्या-क्या कहा गया है।
10 प्वाइंट्स में जानें BJP के प्रस्ताव की बड़ी बातें
1. कांग्रेस के फैसले का विरोध
भाजपा ने कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा 1937 के प्रस्ताव को दोहराते हुए वंदे मातरम् के गायन को पहले दो पदों तक सीमित करने के फैसले की कड़ी आलोचना की है।
2. पूर्ण वंदे मातरम् के सम्मान की रक्षा
भाजपा ने पूरे वंदे मातरम् के सम्मान, गरिमा और ऐतिहासिक विरासत की रक्षा करने का संकल्प लिया है।
3. राष्ट्रीय गीत की स्थिति पर जोर
प्रस्ताव में वंदे मातरम् को भारत का राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय चेतना का महत्वपूर्ण प्रतीक बताया गया है।
4. कांग्रेस के प्रस्ताव पर उठाए सवाल
भाजपा ने कहा कि किसी राजनीतिक दल की कार्यसमिति का प्रस्ताव संवैधानिक संस्थाओं और संसद द्वारा बनाए गए कानून से ऊपर नहीं हो सकता।
5. तुष्टीकरण की राजनीति का विरोध
भाजपा ने वंदे मातरम् को राजनीतिक सुविधा, सांप्रदायिक दबाव या वोट-बैंक की राजनीति से जोड़कर सीमित करने के किसी भी प्रयास का विरोध करने की बात कही।
6. इतिहास लोगों तक पहुंचाएगी BJP
पार्टी ने वंदे मातरम् से जुड़े ऐतिहासिक और राजनीतिक संदर्भों को जनता के सामने रखने का फैसला किया है।
7. महात्मा गांधी के कथन का करेगी प्रचार
भाजपा वंदे मातरम् को लेकर महात्मा गांधी के ऐतिहासिक विचारों को भी देशभर में लोगों तक पहुंचाने की बात कही है।
8. देशभर में चलेगा जागरूकता अभियान
भाजपा कार्यकर्ताओं के माध्यम से वंदे मातरम् के इतिहास, अर्थ और राष्ट्रीय महत्व को लेकर देशव्यापी अभियान चलाया जाएगा।
9. युवाओं पर रहेगा खास फोकस
पार्टी खास तौर पर युवाओं को वंदे मातरम् के इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन से इसके संबंध की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान चलाएगी।
10. राजनीतिक समझौता स्वीकार नहीं
भाजपा ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय गीत के सम्मान और विरासत से राजनीतिक सुविधा के लिए किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
