Movie prime

आंखों पर पट्टी बांधी, पूरी रात पूछताछ की और मसूरी छोड़ दिया; CJP वॉलंटियर का दिल्ली पुलिस पर आरोप
 

 
 आंखों पर पट्टी बांधी, पूरी रात पूछताछ की और मसूरी छोड़ दिया; CJP वॉलंटियर का दिल्ली पुलिस पर आरोप
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों को भोजन वितरित करने वाले मोहम्मद जुनैद ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जुनैद का दावा है कि शुक्रवार रात पुलिसकर्मियों ने उन्हें हिरासत में लिया, आंखों पर पट्टी बांध दी और पूरी रात पूछताछ करने के बाद उत्तराखंड के मसूरी में छोड़ दिया।

जुनैद के अनुसार, वह आरएमएल अस्पताल से कुत्ते के काटने का इलाज कराकर लौट रहे थे। इसी दौरान खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताने वाले कुछ लोगों ने उन्हें और उनके एक साथी को रोक लिया और अपने साथ ले गए। उनका कहना है कि पूरी रात उन्हें अंधेरे में रखा गया और अगले दिन उनसे प्रदर्शनकारियों को भोजन उपलब्ध कराने तथा फंडिंग के स्रोत को लेकर पूछताछ की गई।

जुनैद ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन और पानी दानदाताओं तथा समर्थकों द्वारा ऑनलाइन ऑर्डर के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है। उनका कहना है कि पूछताछ के बाद उन्हें मसूरी में छोड़ दिया गया, जहां से वह शनिवार सुबह कैब के जरिए दिल्ली लौटे।

घटना के बाद छात्र प्रदर्शन से जुड़ी लीगल टीम ने जुनैद से पूरे मामले की जानकारी ली है। जुनैद ने अपने साथ हुई कथित घटना का विवरण सोशल मीडिया पर भी साझा किया है।

वहीं, पुलिस ने जुनैद के आरोपों की जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी सीजेपी वॉलंटियर मोहम्मद जुनैद के परिवार को पुलिस हिरासत में रखे जाने को लेकर विवाद सामने आया था, हालांकि उस समय दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया था।