फोर्स बुला लो, खाली नहीं करेंगे: सरकारी आवास नोटिस पर राबड़ी देवी का कड़ा जवाब
पटना। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को आवंटित सरकारी आवास को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार ने उन्हें सर्कुलर रोड स्थित आवास संख्या-10 खाली करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान राबड़ी देवी ने सरकार के आदेश पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “अगर सरकार को जगह खाली करानी है तो फोर्स लगाकर खाली करा ले, लेकिन हम आवास नहीं छोड़ेंगे।”
जानकारी के अनुसार, बिहार भवन निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि 25 नवंबर 2025 को जारी आदेश के तहत नेता प्रतिपक्ष के लिए हार्डिंग रोड स्थित आवास संख्या-39 पहले ही आवंटित किया जा चुका है। इसके बावजूद राबड़ी देवी द्वारा अब तक सर्कुलर रोड स्थित आवास संख्या-10 खाली नहीं किया गया है।
विभाग का कहना है कि नया आवास उपलब्ध होने के बाद पुराने आवास को खाली करना आवश्यक है, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था सुचारु रह सके।
इसी बीच विभागीय पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि 27 मई 2026 के आदेश के तहत उक्त आवास को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। ऐसे में नए आवंटन को प्रभावी बनाने के लिए आवास संख्या-10 को जल्द खाली कराना जरूरी बताया गया है।
संयुक्त सचिव-सह-भू-संपदा पदाधिकारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि इस प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति प्राप्त है और नेता प्रतिपक्ष से अनुरोध किया गया है कि आवास खाली कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।
