Cancer Medicine Price Cut: कैंसर की 1364 दवाओं की नई कीमतें लागू, 96% तक सस्ती हुईं कई दवाएं
कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 1,364 दवाओं की नई MRP 9 नवंबर से लागू हो गई है। 679 ब्रांड की कीमतों में 50 प्रतिशत से ज्यादा कटौती हुई है। सरकार को उम्मीद है कि इस फैसले से मरीजों को सालाना 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होगी।
Cancer Medicine Price Cut: कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई दवाओं की कीमतों में बड़ी कटौती की गई है। नेशनल फार्मास्यूटिकल्स प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) की ओर से तय नई अधिकतम खुदरा कीमतें (MRP) 9 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं। इसके तहत 85 फार्मा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 एंटी-कैंसर फॉर्मूलेशन की संशोधित कीमतें बताई हैं। सरकार का अनुमान है कि इस फैसले से मरीजों और उनके परिवारों को हर साल करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होगी।
रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के फार्मास्यूटिकल्स विभाग के अंतर्गत आने वाली NPPA ने 137 कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन की सीमा तय की है। नई कीमतें लागू होने के बाद केमिस्ट और अस्पतालों की फार्मेसी अब संशोधित MRP से अधिक पैसे नहीं वसूल सकेंगी।
एक्सपर्ट कमेटी की सिफारिश पर तय हुई कीमतें
कैंसर की दवाओं की कीमतों में कटौती का फैसला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) की ओर से गठित एक्सपर्ट कमेटी की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। इस कमेटी का गठन 17 अक्टूबर 2026 को किया गया था।
NPPA ने 137 चिह्नित एंटी-कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन को MRP के 30 प्रतिशत तक सीमित किया है। इसका उद्देश्य दवाओं की आपूर्ति और बिक्री से जुड़ी प्रक्रिया में अत्यधिक मार्जिन को नियंत्रित करना और मरीजों के लिए इलाज का खर्च कम करना है।
679 ब्रांड की कीमतों में 50% से ज्यादा कटौती
8 नवंबर 2026 तक 85 फार्मा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 एंटी-कैंसर फॉर्मूलेशन की नई MRP की जानकारी दी थी। इनमें 679 ब्रांड ऐसे हैं, जिनकी कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी दर्ज की गई है। दवाओं की MRP में सबसे ज्यादा कटौती 96.45 प्रतिशत तक हुई है।
सरकार के अनुमान के मुताबिक, कीमतों में इस कमी से उपभोक्ताओं को सालाना करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत हो सकती है। इसके अलावा, भारत में अभी उपलब्ध नहीं हुईं 10 से 15 चिह्नित दवाओं के बाजार में आने पर भी उन पर ट्रेड मार्जिन के तय नियम लागू होंगे।
40,421 रुपये वाली दवा अब 2,720 रुपये में
नई कीमतों के बाद कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कुछ दवाओं की MRP में बड़ी गिरावट आई है। उदाहरण के तौर पर, ब्रेस्ट कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली RPG लाइफ साइंसेज की पैल्बोप्रो (पैल्बोसिक्लिब 125 मिलीग्राम) कैप्सूल की कीमत 40,421.33 रुपये से घटकर 2,720 रुपये हो गई है।
इसी तरह, प्रोस्टेट कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली अरविंकेयर फार्मा की एबिरोन (एबिराटेरोन एसीटेट 250 मिलीग्राम) टैबलेट की कीमत 41,250 रुपये से घटकर 3,218.23 रुपये रह गई है।
नई MRP से ज्यादा वसूली पर कहां करें शिकायत?
नई कीमतें लागू होने के बाद कोई भी केमिस्ट या अस्पताल की फार्मेसी दवा के लिए संशोधित MRP से अधिक रकम नहीं ले सकती। उपभोक्ता दवा के पैकेट पर छपी नई MRP देखकर कीमत की जांच कर सकते हैं। इसके अलावा 'फार्मा सही दाम' मोबाइल ऐप और NPPA की आधिकारिक वेबसाइट nppa.gov.in पर भी दवाओं की कीमतों की जानकारी उपलब्ध है।
अगर कोई केमिस्ट या अस्पताल की फार्मेसी नई MRP से अधिक पैसे वसूलती है, तो उपभोक्ता 'फार्मा जन समाधान' पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए NPPA की हेल्पलाइन 1800-111-255 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
