बंगाल में घुसपैठ पर केंद्र सख्त, अमित शाह बोले- ‘घुसपैठिए अब खुद लौट रहे’
New Delhi : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल में कथित घुसपैठ के मुद्दे पर राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि पहले पश्चिम बंगाल में रोजाना घुसपैठ होती थी, लेकिन अब कार्रवाई तेज होने के बाद अवैध घुसपैठिए खुद वापस लौटने लगे हैं।
‘घुसपैठिए खुद लौट जाएं तो केस नहीं होगा’
गुजरात के अहमदाबाद दौरे पर अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घुसपैठियों के लिए डिटेंशन सेंटर बनाए हैं। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि जो लोग अवैध तरीके से भारत में आए हैं, वे खुद ही वापस लौट जाएं। अगर वे स्वेच्छा से चले जाते हैं तो सरकार उन पर कोई केस नहीं करेगी और लौटने में मदद भी करेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि पहचान अभियान शुरू होने से पहले बड़ी संख्या में लोग वापस चले जाएंगे।
डेमोग्राफिक बदलाव पर बनी हाई लेवल कमेटी
अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में “कृत्रिम जनसांख्यिकीय बदलाव” को गंभीर चुनौती मानती है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi की घोषणा के अनुरूप सरकार ने “डेमोग्राफिक चेंज” पर एक हाई लेवल कमेटी का गठन किया है।
गृह मंत्री के मुताबिक यह समिति देशभर में हो रहे असामान्य जनसंख्या बदलाव, उसके कारणों और समाधान का अध्ययन करेगी। जरूरत पड़ने पर नई कानूनी सिफारिशें भी दी जाएंगी। समिति को एक साल में अपनी रिपोर्ट सौंपनी है।
BSF को जमीन देने पर बंगाल सरकार की तारीफ
अमित शाह ने कहा कि बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग कार्य को तेज करने के लिए राज्य सरकार ने तेजी से जमीन उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि केवल सात दिनों में 600 हेक्टेयर जमीन BSF को सौंपी गई, जबकि “चिकन नेक” इलाके की 121 हेक्टेयर जमीन भी सुरक्षा बलों को दी गई है।
उन्होंने दावा किया कि सीमा सुरक्षा को मजबूत करने और घुसपैठ रोकने के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है।
