पीछा कर अश्लील टिप्पणी, फिर स्कूटी में... 100 मीटर तक सड़क पर घिसटी युवती, 2 अज्ञात युवकों पर केस
दक्षिणी दिल्ली। लाडो सराय स्थित एक आर्ट फर्म से देर रात स्कूटी से घर लौट रही 21 वर्षीय युवती का पंचशील पार्क मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार दो युवकों ने कथित तौर पर पीछा किया और अश्लील टिप्पणियां कीं। आरोप है कि युवकों ने बाद में उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में युवती करीब 100 से 150 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना 11 सितंबर की रात की बताई जा रही है। युवती की शिकायत के आधार पर मंगलवार को हौजखास थाने में दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पीछा कर की अश्लील टिप्पणियां
युवती के अनुसार, वह लाडो सराय स्थित आर्ट फर्म में इंटर्नशिप पूरी करने के बाद कालकाजी स्थित अपने घर जा रही थी। पंचशील पार्क मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार दो युवक उसके पीछे लग गए। युवती का आरोप है कि दोनों ने उसका पीछा करते हुए उसके पास आकर अश्लील टिप्पणियां कीं।
युवती ने उनसे बचने के लिए अपनी स्कूटी की रफ्तार बढ़ाई, लेकिन दोनों युवक उसका पीछा करते रहे।
टक्कर के बाद सड़क पर घिसटी युवती
शिकायत के मुताबिक, कुछ दूरी पर बाइक सवार युवकों ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर के कारण युवती सड़क पर गिर गई और करीब 100 से 150 मीटर तक घिसटती चली गई। सड़क पर मौजूद पत्थर, गिट्टी और धूल के कारण उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया।
हादसे के बाद दोनों युवक बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। सड़क पर घायल पड़ी युवती की राहगीरों ने मदद की और एंबुलेंस के जरिए उसे अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्लास्टिक सर्जरी की दी सलाह
युवती को पहले साकेत स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए बाद में उसे नोएडा के मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे प्लास्टिक सर्जरी कराने की सलाह दी। चिकित्सकीय राय लेने के लिए युवती कानपुर भी गई थी।
युवती ओखला स्थित एक डिजाइन इंस्टीट्यूट में चौथे वर्ष की पढ़ाई कर रही है और लाडो सराय की आर्ट फर्म में इंटर्नशिप कर रही थी।
पुलिस को पहले सड़क हादसे की मिली थी सूचना
पुलिस के मुताबिक, 11 और 12 सितंबर की दरमियानी रात करीब एक बजे हौजखास थाने में सड़क हादसे की सूचना मिली थी। जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन घायल युवती वहां नहीं मिली। पुलिस को जानकारी मिली कि उसे मैक्स अस्पताल ले जाया गया है।
इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। हालांकि, घटना की स्पष्ट फुटेज पुलिस को नहीं मिल सकी। 15 सितंबर को युवती की बहन थाने पहुंची और पुलिस ने उन्हें उपलब्ध फुटेज दिखाई, लेकिन वह किसी व्यक्ति की पहचान नहीं कर सकीं।
सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने की मांग
बाद में युवती की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। युवती ने हौजखास, हौजखास मेट्रो स्टेशन, पंचशील पार्क मेट्रो स्टेशन और आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित कराने की मांग की है।
