Movie prime

चीन ने रोकी पेट्रोलिंग… खबर दबाने का आरोप! राहुल गांधी के निशाने पर मोदी-शाह, RSS और अदाणी
 

 
 चीन ने रोकी पेट्रोलिंग… खबर दबाने का आरोप! राहुल गांधी के निशाने पर मोदी-शाह, RSS और अदाणी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित रचनात्मक कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर लोगों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और उत्तराखंड की एक महिला का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार व्यवस्था के नाम पर लोगों को अपनी बात रखने से रोक रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्र अपनी पीड़ा और समस्याएं सामने रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें प्रदर्शन के जरिए अपनी बात कहने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम केवल व्यवस्था बनाना नहीं, बल्कि भारत को अपनी बात कहने का अवसर देना है।

उत्तराखंड की महिला का किया जिक्र

राहुल गांधी ने उत्तराखंड की एक महिला का भी जिक्र किया, जो अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग कर रही हैं। राहुल के मुताबिक, महिला की बेटी के साथ करीब चार साल पहले दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि महिला उनसे मिलीं और रोते हुए अपनी बात रखना चाहती थीं, लेकिन व्यवस्था उन्हें भी अपनी बात रखने की अनुमति नहीं दे रही थी।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार और उसकी विचारधारा देश पर ऐसी व्यवस्था थोपना चाहती है, जो सरकार और कुछ चुनिंदा लोगों के हित में हो।

पीएम मोदी और अमित शाह पर भी निशाना

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि उनकी कोशिशें सरकार को परेशान कर रही हैं। राहुल ने कहा कि जब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह इस्तीफा नहीं देते, विपक्ष उन्हें चैन से नहीं बैठने देगा।

प्रधानमंत्री के प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करने पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने पहले इसे रणनीति माना था, लेकिन बाद में उन्हें लगा कि प्रधानमंत्री मीडिया का सामना नहीं कर सकते। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय के अंदर से जानकारी मिलती है।

RSS और अदाणी को लेकर लगाए आरोप

राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत को समझने के लिए केवल हजारों साल पुराने इतिहास को जानना पर्याप्त नहीं है, बल्कि भारत को उसकी वर्तमान अभिव्यक्ति और आज की परिस्थितियों के जरिए समझना होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि कभी छोटे कारोबारी, मिठाई विक्रेता, सोनार, लोहार और बनिया समुदाय के लोग RSS से जुड़े थे, लेकिन GST और नोटबंदी जैसी नीतियों से इन्हीं छोटे कारोबारियों को नुकसान हुआ।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने RSS का ‘कॉरपोरेटीकरण’ कर दिया है और मौजूदा RSS बड़े पूंजीपतियों के हितों के लिए काम कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और RSS पर उद्योगपति गौतम अदाणी के हितों के लिए काम करने का भी आरोप लगाया।

चीन के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

राहुल गांधी ने चीन को लेकर भी केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि चीन ने भारतीय सेना को अपनी ही जमीन पर पेट्रोलिंग करने से रोका, लेकिन सरकार ने इस मुद्दे की खबर को दबाने की कोशिश की।

उन्होंने गलवां घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि भारत की एक इंच जमीन भी किसी के कब्जे में नहीं है, जबकि राहुल गांधी के मुताबिक भारतीय सेना ने जमीन पर कब्जे की बात कही थी। उन्होंने दावा किया कि चीन के साथ बातचीत के दौरान चीनी पक्ष ने प्रधानमंत्री के इसी बयान का हवाला दिया।