सर्किट हाउस-गेस्ट हाउस में अब केवल ऑनलाइन बुकिंग, भुगतान भी डिजिटल होगा
उत्तर प्रदेश में सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस (निरीक्षण भवन) में कमरों की बुकिंग अब पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। मुख्य सचिव एसपी गोयल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इसके लिए सरकार का आधिकारिक वेब पोर्टल संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से ही बुकिंग की प्रक्रिया पूरी होगी।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई आगंतुक सीधे सर्किट हाउस या गेस्ट हाउस पहुंचकर कमरा बुक कराना चाहता है, तो उपलब्धता होने पर भी उसकी बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से ही की जाएगी। इसके साथ ही भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी तरह ऑनलाइन होगी।
सरकार ने अति विशिष्टजनों के लिए भी कमरों का आरक्षण तय किया है। जिला मुख्यालयों पर 10 या उससे अधिक कमरों की क्षमता वाले सर्किट हाउस एवं गेस्ट हाउस में चार कमरे आरक्षित रखे जाएंगे, जबकि 10 से कम कमरों वाले परिसरों में दो कमरे सुरक्षित होंगे। इन कमरों का आवंटन भी ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत ही किया जाएगा। हालांकि, विशेष परिस्थितियों में जिला अधिकारी (डीएम) को आरक्षण व्यवस्था में बदलाव करने का अधिकार दिया गया है।
सरकार का मानना है कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था लागू होने से सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस की आय में वृद्धि होगी। साथ ही आम नागरिकों और देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए बुकिंग प्रक्रिया आसान और पारदर्शी बनेगी। इन श्रेणियों के लिए अलग-अलग किराया भी निर्धारित किया गया है।
