Movie prime

CJP की अगली रणनीति पर मंथन शुरू, अभिजीत दीपके बोले- अभी राजनीति में आने का इरादा नहीं

 
CJP की अगली रणनीति पर मंथन शुरू, अभिजीत दीपके बोले- अभी राजनीति में आने का इरादा नहीं
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

New Delhi : जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके अब संगठन की आगे की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। बुधवार से उनके आवास पर पार्टी पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक शुरू हो रही है, जिसमें आंदोलन की आगामी दिशा और संगठन के एजेंडे पर चर्चा होगी।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स को दिए एक इंटरव्यू में अभिजीत दीपके ने कहा कि फिलहाल उनका राजनीति में उतरने या चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में जनता का व्यापक समर्थन मिला और ऐसी मांग उठी, तो राजनीतिक दल बनाने और चुनाव लड़ने पर विचार किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि "हम युवाओं (Gen Z) से जानना चाहते हैं कि वे किन मुद्दों को सबसे महत्वपूर्ण मानते हैं। इसी उद्देश्य से समर्थकों की दो दिवसीय बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।"

दीपके के मुताबिक, बैठक का मुख्य उद्देश्य कॉकरोच जनता पार्टी का एजेंडा तय करना और यह विचार करना है कि इस सामाजिक आंदोलन को आगे किस दिशा में बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भारत को नई राजनीतिक पार्टी से अधिक एक मजबूत जन-आंदोलन की जरूरत है, जो लोकतांत्रिक संस्थाओं में लोगों का भरोसा बहाल करे और जवाबदेही सुनिश्चित करने का काम करे।

अभिजीत दीपके का कहना है कि फिलहाल CJP का पूरा फोकस देश के युवाओं की आवाज उठाने पर रहेगा। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में युवा नेताओं, न्यायपालिका और मीडिया जैसी संस्थाओं से भरोसा खो चुके हैं।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में CJP युवाओं के मुद्दों को लगातार प्रभावी ढंग से उठाती रही और जनता का व्यापक समर्थन मिला, तो संगठन राजनीतिक विकल्प बनने की दिशा में भी कदम बढ़ा सकता है।