Movie prime

7 लाख देने का क्लेम, प्रेग्नेंसी के बाद बदला व्यवहार? ट्विशा शर्मा के पति ने पुलिस को क्या बताया

पूर्व मॉडल-अभिनेत्री ट्विशा शर्मा मौत मामले में पति समर्थ सिंह के दावों से जांच में नया मोड़ आया है। समर्थ ने पुलिस को बताया कि गर्भावस्था और अबॉर्शन के बाद ट्विशा तनाव में थीं। अब इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच CBI कर रही है। जानें पूरे मामले की बड़ी बातें।

 
Twisha Sharma Death Case
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Twisha Sharma Death Case: ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। अब इस हाई-प्रोफाइल केस में पति समर्थ सिंह के बयान ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस पूछताछ में समर्थ सिंह ने दावा किया है कि गर्भावस्था और अबॉर्शन के बाद ट्विशा मानसिक तनाव में रहने लगी थीं और उनका व्यवहार काफी बदल गया था। वहीं ट्विशा के परिवार ने समर्थ सिंह और उसके परिवार पर दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अब इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपने हाथ में ले ली है।

10 दिन फरार रहने के बाद पकड़ा गया समर्थ सिंह

ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह लगभग 10 दिनों तक फरार रहा। बाद में पुलिस ने उसे जबलपुर से गिरफ्तार किया।

फिलहाल समर्थ सिंह भोपाल के कटारा हिल्स थाने में सात दिन की पुलिस रिमांड पर है, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान समर्थ के कई जवाब उसकी मां और पूर्व जिला जज गिरीबाला सिंह के पहले दिए गए बयानों से मेल खाते पाए गए हैं। गिरीबाला सिंह का नाम भी FIR में शामिल है।

‘प्रेग्नेंसी के बाद रिश्ते में आने लगी दूरियां’

पुलिस पूछताछ में समर्थ सिंह ने दावा किया कि शादी के शुरुआती महीनों में उसका और ट्विशा का रिश्ता सामान्य था। उसने बताया कि 17 अप्रैल के बाद हालात बदलने लगे, जब ट्विशा को अपनी प्रेग्नेंसी का पता चला। समर्थ के मुताबिक, ट्विशा अक्सर अपने ग्लैमर इंडस्ट्री के पुराने जीवन की बातें करती थीं और घरेलू जिम्मेदारियों के साथ खुद को सहज महसूस नहीं कर पा रही थीं। उसने आरोप लगाया कि ट्विशा कई बार कहती थीं कि वह “हाउसवाइफ की जिंदगी” में खुद को ढाल नहीं पा रही हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे।

अजमेर और दिल्ली यात्रा को बताया रिश्ते में तनाव की वजह

समर्थ सिंह ने पुलिस को अप्रैल की एक घटना के बारे में भी बताया, जिसे उसने रिश्ते में तनाव का टर्निंग पॉइंट कहा। उसके अनुसार, दोनों ने साथ में बेंगलुरु जाने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में ट्विशा ने राजस्थान के अजमेर जाने की बात कही। समर्थ का दावा है कि वह अकेले बेंगलुरु चला गया, जबकि ट्विशा अजमेर गईं। बाद में उसे पता चला कि ट्विशा वहां केवल एक दिन रुकीं और बिना बताए दिल्ली चली गईं। समर्थ के मुताबिक, इसी घटना के बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया।

12 मई की रात क्या हुआ?

12 मई की रात को लेकर समर्थ सिंह ने पुलिस को बताया कि पूरा दिन सामान्य था। उसके अनुसार, दोनों ने साथ में डिनर किया, सोसायटी पार्क में टहलने गए और बाद में घर पर टीवी देखा। समर्थ का कहना है कि वह सोने चला गया, जबकि ट्विशा नीचे जाकर अपने परिवार से फोन पर बात करने लगीं। कुछ देर बाद उसकी मां ने उसे जगाया और बताया कि ट्विशा की मां का फोन आया है क्योंकि ट्विशा कॉल रिसीव नहीं कर रही थीं।

छत पर फंदे से लटकी मिलीं ट्विशा

समर्थ सिंह ने दावा किया कि इसके बाद वह और उसकी मां ट्विशा को तलाशने लगे। उनके मुताबिक, ट्विशा घर की छत पर फंदे से लटकी मिलीं। उन्होंने तुरंत उन्हें नीचे उतारा, CPR देने की कोशिश की और भोपाल AIIMS लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फरारी के दौरान मोबाइल बंद रखा

CBI अब उस अवधि की भी जांच कर रही है जब समर्थ सिंह घटना के बाद फरार था। पूछताछ में समर्थ ने स्वीकार किया कि वह एक सप्ताह से ज्यादा समय तक जबलपुर में छिपा रहा और जानबूझकर मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस न कर सके।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि फरारी के दौरान उसे किसने शरण दी और मदद पहुंचाई। हालांकि समर्थ ने अब तक किसी का नाम बताने से इनकार किया है।

ट्विशा के परिवार ने लगाए हत्या और प्रताड़ना के आरोप

दूसरी ओर ट्विशा शर्मा के परिवार ने समर्थ सिंह और उसकी मां गिरीबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और सबूत मिटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि ट्विशा की मौत आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है और आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

CBI जांच से बढ़ीं उम्मीदें

मामले की गंभीरता और लगातार उठ रहे सवालों के बीच अब CBI जांच शुरू होने के बाद परिवार को निष्पक्ष जांच की उम्मीद है। फिलहाल एजेंसी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और समर्थ सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ जारी है।