'कॉकरोच जनता पार्टी' के आंदोलन पर बनेगी फिल्म, 20 करोड़ के बजट के साथ टाइटल भी फाइनल
नई दिल्ली। NEET पेपर लीक विवाद और तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर हुए 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के चर्चित आंदोलन पर अब फीचर फिल्म बनने जा रही है। इस फिल्म का शीर्षक 'द एक्सीडेंटल कॉकरोच पार्टी' (The Accidental Cockroach Party) आधिकारिक रूप से रजिस्टर करा लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, जयपुर निवासी गोविंद देव 'ब्रह्म' ने इस प्रोजेक्ट पर लंबे समय तक रिसर्च और स्क्रिप्ट तैयार करने के बाद फिल्म बनाने की घोषणा की है। उनका दावा है कि फिल्म में आंदोलन से जुड़े कई ऐसे पहलुओं और घटनाओं को दिखाया जाएगा, जो अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं।
फिल्म के निर्माताओं के मुताबिक, यह केवल एक राजनीतिक घटनाक्रम पर आधारित फिल्म नहीं होगी, बल्कि इसमें यह भी दिखाया जाएगा कि आंदोलन की रणनीति कैसे तैयार हुई, किन परिस्थितियों में यह देशव्यापी चर्चा का विषय बना और इसके पीछे क्या-क्या घटनाएं हुईं।
गौरतलब है कि NEET पेपर लीक विवाद के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा किया गया प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा था। आंदोलन के दौरान शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली और राजनीतिक जवाबदेही को लेकर कई सवाल उठे थे। इसी घटनाक्रम को आधार बनाकर फिल्म की कहानी तैयार की जा रही है।
फिल्म से जुड़े लोगों का कहना है कि दर्शकों को इस आंदोलन के राजनीतिक, सामाजिक और मानवीय पहलुओं की एक अलग तस्वीर देखने को मिलेगी। हालांकि, फिल्म की स्टार कास्ट, निर्देशक और रिलीज डेट को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। निर्माताओं का कहना है कि इन जानकारियों का खुलासा जल्द किया जाएगा।
