नए वित्त वर्ष की शुरुआत में महंगाई का झटका: कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर 195.50 रुपये महंगा
नई दिल्ली I नए वित्त वर्ष के पहले ही दिन आम जनता और व्यापारियों को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। तेल कंपनियों ने बुधवार को कमर्शियल एलपीजी (19 किलोग्राम) सिलिंडर की कीमत में 195.50 रुपये की भारी बढ़ोतरी कर दी है। कीमतों में यह इजाफा वैश्विक बाजार में कच्चे तेल के दामों में आई तेजी के कारण किया गया है।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी एशिया में बढ़ते सैन्य संघर्ष और अस्थिरता के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में उछाल देखने को मिला है। इसी वैश्विक दबाव का असर अब घरेलू बाजार पर भी पड़ा है, जिसके कारण तेल कंपनियों ने गैस के दाम बढ़ाए हैं।
दिल्ली में इतना हो गया नया रेट
सरकारी तेल कंपनियों द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश की राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमत अब बढ़कर 2,078.50 रुपये हो गई है। इससे पहले 1 मार्च को भी कमर्शियल गैस के दामों में 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इस तरह सिर्फ एक महीने के भीतर व्यापारिक गैस के दाम 300 रुपये से ज्यादा बढ़ चुके हैं।
खाद्य वस्तुएं भी हो सकती हैं महंगी
कमर्शियल गैस की कीमत बढ़ने से रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों की लागत बढ़ेगी। ऐसे में आने वाले दिनों में बाहर खाना और कई खाद्य वस्तुओं के दाम भी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घरेलू रसोई गैस (14.2 किलोग्राम) के सिलिंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
