हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत, जातिसूचक टिप्पणी का आरोप
Dehradun : उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। श्री राम सेना के अमित कुमार ने रविवार कोतवाली थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने उनके खिलाफ कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया है। शिकायतकर्ता ने मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, हल्द्वानी जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं की गई है। पुलिस के मुताबिक, अमित कुमार की ओर से दी गई शिकायत की फिलहाल जांच की जा रही है।
शुद्धिकरण हवन के बाद शुरू हुआ विवाद
पूरा मामला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण हवन से जुड़ा है। रैली के बाद श्री राम सेना के सदस्यों ने वहां शुद्धिकरण हवन किया था। इस घटना के सामने आने के बाद राहुल गांधी की ओर से कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग की गई थी।
इसके बाद श्री राम सेना की ओर से राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत की बात सामने आई है।
‘मैं स्वयं दलित समाज से आता हूं’
शुद्धिकरण हवन कराने वाले श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास के सदस्य विनोद आर्य ने कहा कि सनातन परंपरा के अनुयायी के तौर पर उस स्थान की स्वच्छता सुनिश्चित करना उनका अधिकार और कर्तव्य है। उन्होंने दावा किया कि वह स्वयं दलित समाज से आते हैं और हवन के दौरान दलित समुदाय के अन्य लोग भी उनके साथ मौजूद थे।
‘हमारे खिलाफ अनुचित दबाव डाला जा रहा’
विनोद आर्य ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग कर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है तो वे भी राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज कराने की मांग कर रहे हैं।
