Movie prime

पंजाब को दहलाने की साजिश नाकाम! पाकिस्तान से आई AK-47 और 2 हैंड ग्रेनेड बरामद, अमृतसर से तस्कर अरेस्ट

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

त्योहारों से पहले पंजाब की अमन-शांति बिगाड़ने की कथित कोशिश को अमृतसर रूरल पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हथियारों की तस्करी से जुड़े एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया और एक आरोपी को हथियारों की खेप के साथ गिरफ्तार किया है।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अमृतसर रूरल पुलिस ने आरोपी के कब्जे से AK-47 राइफल, उसकी मैगजीन, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। हथियारों की इस बड़ी बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।

विदेशी कनेक्शन की जांच

पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपी के विदेश में बैठे देश विरोधी तत्वों से संपर्क होने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियां अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह किन लोगों के संपर्क में था और हथियारों की इस खेप को आगे किसे सौंपा जाना था।

जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद हथियारों की खेप पाकिस्तान से सीमा पार कर भारत पहुंचाई गई थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है।

आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम में केस

मामले में अमृतसर के घरिंडा पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर भी है कि इतनी खतरनाक हथियारों की खेप किस उद्देश्य से मंगाई गई थी और इसके पीछे किसी बड़ी वारदात की साजिश तो नहीं थी।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा है कि पंजाब की शांति और सुरक्षा से खिलवाड़ करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब इस नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों को खंगाल रही है।