पटना में LPG सिलेंडर को लेकर विवाद, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के नाम पर उठे सवाल
Patna : एलपीजी संकट की खबरों के बीच बिहार की राजधानी पटना में गैस सिलेंडर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पटना के गर्दनीबाग स्थित एक गैस एजेंसी संचालक ने आरोप लगाया कि बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के यहां से एक एसडीओ ने चार-चार एलपीजी सिलेंडर उठाए हैं।
इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर चर्चा तेज हो गई। हालांकि उपमुख्यमंत्री के आप्त सचिव शैलेंद्र कुमार ओझा ने शुक्रवार (13 मार्च 2026) को इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और भ्रामक बताया है।
कार्यालय में एसडीओ का पद ही नहीं: आप्त सचिव
शैलेंद्र कुमार ओझा ने स्पष्ट कहा कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यालय में एसडीओ का कोई पद ही नहीं है। ऐसे में यह दावा कि कार्यालय में कार्यरत किसी एसडीओ ने गैस एजेंसी से एलपीजी सिलेंडर मंगवाया या इसके लिए दबाव बनाया, पूरी तरह झूठा और भ्रामक है।
किसी कर्मचारी ने नहीं मंगवाया सिलेंडर
आप्त सचिव के अनुसार उपमुख्यमंत्री कार्यालय के किसी भी कर्मचारी ने किसी गैस एजेंसी से एलपीजी सिलेंडर नहीं मंगवाया है। उन्होंने कहा कि बिना तथ्य के इस तरह की खबरें फैलाने से भ्रम की स्थिति पैदा होती है।
मामले की होगी जांच
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही खबरों की जांच कराई जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके और अफवाह फैलाने वालों की पहचान की जा सके। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अपुष्ट और भ्रामक खबरों पर भरोसा न करें।
पटना डीएम ने भी दी सफाई
इस बीच पटना के जिलाधिकारी ने भी शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि शहर में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने गैस एजेंसियों को निर्देश दिया है कि अगर ऑनलाइन बुकिंग में समस्या हो रही है तो उपभोक्ताओं की ऑफलाइन बुकिंग भी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
