Movie prime

CRPF DG जीपी सिंह का जवानों को बड़ा संदेश: निडर होकर ड्यूटी करें, हर जिम्मेदारी मैं लूंगा
 

 
 CRPF DG जीपी सिंह का जवानों को बड़ा संदेश: निडर होकर ड्यूटी करें, हर जिम्मेदारी मैं लूंगा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने केंद्रीय बल के अलंकरण समारोह में जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि वे बिना किसी भय के अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि देशहित, जनहित और फोर्स के हित में ईमानदारी से लिए गए हर फैसले और कार्रवाई की जिम्मेदारी वह स्वयं महानिदेशक के रूप में लेने को तैयार हैं।

जीपी सिंह ने कहा, "मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि चाहे हमारी ऑपरेशनल बटालियन हों या लॉ एंड ऑर्डर यूनिट्स, आप देशहित, जनहित और फोर्स के हित में जो भी निर्णय लें और जो भी कार्रवाई करें, यदि वह आपकी ड्यूटी के ईमानदार निर्वहन के तहत है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी मैं लेता हूं।"

उन्होंने आगे कहा कि जवान पूरी निडरता और आत्मविश्वास के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते रहें। जहां भी जवाबदेही लेने की जरूरत होगी, वह महानिदेशक के रूप में स्वयं उसे स्वीकार करेंगे।

RAF की कार्रवाई पर दिया समर्थन

महानिदेशक का यह बयान ऐसे समय आया है जब CRPF की रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) द्वारा 20 जुलाई को नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर की गई कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर राजनीतिक और सार्वजनिक बहस जारी है।

SOP के पालन का दावा

CRPF की ओर से घटना के बाद किए गए आंतरिक आकलन में यह निष्कर्ष निकला कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान RAF के जवानों ने सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) और निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया था।

देश की आंतरिक सुरक्षा में अहम भूमिका

गौरतलब है कि CRPF देश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पूर्वोत्तर में उग्रवाद और मध्य भारत में नक्सलवाद जैसी चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वहीं, CRPF के अधीन कार्यरत रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) विशेष रूप से दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और नागरिक अशांति जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित बल है। महानिदेशक का यह बयान जवानों के मनोबल को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।