दीपक कुशवाह को फिर मिला मंत्री पद, पत्नी ने PM मोदी और CM का जताया आभार
Patna : बिहार में गुरुवार को सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। इस दौरान उपेन्द्र कुशवाह के बेटे दीपक प्रकाश कुशवाह को एक बार फिर मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली। उनके मंत्री बनने पर परिवार की ओर से खुशी जाहिर की गई है।
पत्नी साक्षी मिश्रा कुशवाहा ने जताया आभार
दीपक प्रकाश की पत्नीसाक्षी मिश्रा कुशवाहा ने कहा कि यह परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और आरएलएम नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि युवाओं पर भरोसा जताया जाना सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने कहा कि युवा के कंधे पर अब देश आ चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा युवाओं पर भरोसा करते रहे हैं। मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व ने भी युवाओं को मौका दिया है। युवा ज्यादा मेहनत और ऊर्जा के साथ काम कर सकते हैं।
मां स्नेहलता ने कहा- जिम्मेदारी अच्छे से निभाएंगे
दीपक प्रकाश की मां और आरएलएम विधायक स्नेहलता कुशवाहा ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उन पर भरोसा जताया है और दीपक बिहार की जनता के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि पहले कार्यकाल में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह निभाई थी और आगे भी बेहतर काम करेंगे। युवाओं में काम करने का जोश होता है, जिससे विकास की गति तेज होती है।
अभी किसी सदन के सदस्य नहीं
गौरतलब है कि दीपक प्रकाश फिलहाल बिहार विधानसभा या विधान परिषद के सदस्य नहीं हैं। ऐसे में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद उन्हें तय समय सीमा के भीतर किसी एक सदन का सदस्य बनना होगा। माना जा रहा है कि उन्हें विधान परिषद भेजा जा सकता है।
