स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में हाई कोर्ट समेत 6 जगहों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में बम धमाके की धमकी से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। दिल्ली हाई कोर्ट को ई-मेल के जरिए धमकी मिली, जिसमें लाल किला, जिला अदालतों, ट्रेन और अन्य स्थानों का भी जिक्र है। पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने कई जगहों पर जांच शुरू की।
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले राजधानी दिल्ली में बम धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। दिल्ली हाई कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम धमाके की धमकी दी गई है। इसके अलावा राजधानी की पांच अन्य जगहों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और कई स्थानों पर जांच शुरू कर दी गई।
धमकी भरे ई-मेल में 15 अगस्त को धमाका करने का दावा किया गया है। ई-मेल में दिल्ली को खालिस्तान बनाने की बात भी लिखी गई है। हाई कोर्ट के अलावा जिला अदालतों, लाल किले, ट्रेन और मेट्रो से जुड़े स्थानों को भी निशाना बनाने की धमकी का उल्लेख किया गया है।
हाई कोर्ट को ई-मेल से मिली धमकी
दिल्ली हाई कोर्ट को भेजे गए ई-मेल के बाद परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा टीमों ने परिसर की तलाशी ली। अधिकारियों की ओर से मानक सुरक्षा प्रक्रिया के तहत जांच की गई।
ई-मेल के विषय में दिल्ली हाई कोर्ट में बम धमाके से जुड़ी धमकी का उल्लेख किया गया था। इसमें 15 अगस्त को विस्फोट किए जाने का दावा किया गया। ई-मेल में सिखों से जुड़े मामलों और 1984 के सिख विरोधी दंगों से संबंधित मामलों में न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए धमकी को इससे जोड़ने की कोशिश की गई।
जिला अदालतों और लाल किले का भी जिक्र
धमकी भरे संदेश में दिल्ली की जिला अदालतों का भी उल्लेख किया गया है। इसमें आरोप लगाया गया कि सिखों से जुड़े मामलों में जिला अदालतों से भी न्याय नहीं मिला और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाने की बात कही गई।
ई-मेल में लाल किले का भी जिक्र है। इसके अलावा दिल्ली से अंबाला जाने वाली ट्रेन और मेट्रो को लेकर भी धमकी दी गई है। संदेश में कुछ लोगों के दिल्ली पहुंचने का दावा भी किया गया है।
हालांकि, धमकी में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
दिल्ली की इन 6 जगहों को मिली धमकी
धमकी की सूचना के बाद जिन स्थानों को लेकर सुरक्षा जांच की गई, उनमें शामिल हैं-
- जाम नगर हाउस
- दिल्ली हाई कोर्ट
- झंडेवालान स्थित एक इमारत
- साकेत क्षेत्र का कार्यालय
- आईजीआई एयरपोर्ट का टर्मिनल-3
- दिल्ली कैंट का एसडीएम कार्यालय
इन स्थानों पर सुरक्षा टीमों और दमकल वाहनों की मौजूदगी रही। एहतियात के तौर पर तलाशी अभियान चलाया गया।
अब तक जांच में क्या मिला?
धमकी मिलने के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा जांच तेज कर दी गई। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अब तक की तलाशी में किसी संदिग्ध विस्फोटक या अन्य आपत्तिजनक वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां धमकी को गंभीरता से लेते हुए ई-मेल के स्रोत और इसे भेजने वाले की पहचान का पता लगाने में जुटी हैं।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। ऐसे में एक साथ कई महत्वपूर्ण स्थानों को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।
