दिल्ली पुलिस ADCP संदीप लांबा जंतर-मंतर ड्यूटी से हटाए गए, महिला प्रदर्शनकारी को जड़ा था थप्पड़
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर CJP (कॉकरेच जनता पार्टी) के प्रदर्शन के दौरान एक महिला प्रदर्शनकारी को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने एडिशनल डीसीपी (उत्तर-पूर्व) संदीप लांबा को प्रदर्शन स्थल की ड्यूटी से हटा दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उन्हें वापस उनकी मूल तैनाती पर भेज दिया गया है। हालांकि, इस पूरे मामले पर दिल्ली पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे थे। इसी दौरान सामने आए एक वायरल वीडियो में एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा एक महिला प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैलने के बाद इस कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दलों और सोशल मीडिया पर कई लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने संदीप लांबा को जंतर-मंतर पर चल रही ड्यूटी से हटाकर उनकी मूल तैनाती पर भेज दिया।
फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि उनके खिलाफ कोई विभागीय जांच या अन्य कार्रवाई शुरू की गई है या नहीं। दिल्ली पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आने का इंतजार किया जा रहा है। मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
