Movie prime

दिल्ली: स्पेशल सेल ने बड़ी आतंकी साजिश नाकाम की, तीन आतंकवादी अरेस्ट, पाकिस्तान से जुड़े मिले सबूत

 
Delhi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

देश की राजधानी दिल्ली में 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट के बाद से सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इसी बीच, रविवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए तीन आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी ISI और भारत के कुख्यात आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में रहते थे।

दिल्ली में बड़ी वारदात की थी योजना

जांच एजेंसियों के अनुसार, पकड़े गए आतंकियों का इरादा पंजाब के गुरदासपुर थाने पर ग्रेनेड अटैक सहित कई गंभीर हमलों को अंजाम देने का था। स्पेशल सेल ने खुफिया इनपुट के आधार पर इन तीनों आतंकवादियों को उत्तर प्रदेश, पंजाब और मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया। आरोपियों को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और दुर्दांत आतंकी शहजाद भट्टी से लगातार निर्देश मिल रहे थे।

आतंकियों की पहचान हुई

स्पेशल सेल ने जिन तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार है- विकास प्रजापति उर्फ बेटू, हरगुणप्रीत सिंह और आसिफ उर्फ आरिश है।

स्पेशल सेल के एडिशनल कमिश्नर प्रमोद कुशवाहा के अनुसार, तीनों कई संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे। गुरदासपुर थाने पर ग्रेनेड अटैक की साजिश समेत अन्य जगहों पर विस्फोट की योजना भी थी।

हथियार और अहम सबूत बरामद

गिरफ्तार आरोपियों में से एक के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मोबाइल फोन की जांच में शहजाद भट्टी के साथ कई चैट्स, कॉल डिटेल्स और गुरदासपुर पुलिस स्टेशन की रेकी के वीडियो मिले हैं।

देश की कई महत्वपूर्ण जगहों के वीडियो मिले

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों के पास देश के कई संवेदनशील स्थानों की वीडियो रिकॉर्डिंग मिली है। इससे एजेंसियों को अंदेशा है कि यह मॉड्यूल किसी बड़े आतंकी हमले की तैयारी में था। हालांकि, स्पेशल सेल ने समय रहते इस साजिश को नाकाम कर दिया।

शहजाद भट्टी कौन है?

शहजाद भट्टी पाकिस्तान के पंजाब का रहने वाला बताया जाता है। उसके पास मोरक्कन पासपोर्ट है और वह UAE में सक्रिय है। वहीं से वह भारत में आतंकी नेटवर्क को संचालित करता है। पकड़े गए आतंकी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए उससे लगातार निर्देश ले रहे थे।

पूछताछ जारी

फिलहाल तीनों आतंकियों से लगातार पूछताछ हो रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि इस मॉड्यूल के और कौन से सदस्य देश में सक्रिय हैं और उनकी आगे क्या योजनाएँ थीं।