Movie prime

नमो भारत ट्रेन बनेगी उत्तराखंड की नई लाइफलाइन! कैसे पर्यटन, कारोबार और यात्रा- तीनों को मिलेगा बड़ा फायदा

दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन को ऋषिकेश तक विस्तार देने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली-एनसीआर से ऋषिकेश तक का सफर करीब 3 घंटे में पूरा होगा। इससे पर्यटन, धार्मिक यात्रा और उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

 
Namo Bharat Train
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Namo Bharat Train: दिल्ली से ऋषिकेश की यात्रा अब पहले से कहीं ज्यादा तेज, आरामदायक और सुविधाजनक होने की ओर बढ़ रही है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन (Namo Bharat) को उत्तराखंड के ऋषिकेश तक विस्तार देने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली-एनसीआर के लाखों यात्रियों को राजधानी से ऋषिकेश तक महज तीन घंटे में पहुंचने की सुविधा मिलेगी। माना जा रहा है कि यह परियोजना उत्तराखंड के पर्यटन, धार्मिक यात्रा और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर से ऋषिकेश पहुंचेगी सीधी हाई-स्पीड कनेक्टिविटी

प्रस्ताव के मुताबिक, मौजूदा दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को मेरठ के मोदीपुरम से आगे बढ़ाकर ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक ले जाया जाएगा। इसके बाद दिल्ली-मेरठ के मौजूदा 82 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में करीब 150 किलोमीटर की बढ़ोतरी होगी और इसकी कुल लंबाई लगभग 232 किलोमीटर हो जाएगी।

नमो भारत ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से संचालित की जा सकती है। ऐसे में करीब 230 किलोमीटर की दिल्ली-ऋषिकेश दूरी लगभग तीन घंटे में पूरी होने की संभावना है।

दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद से मिलेगा सीधा फायदा

परियोजना के शुरू होने के बाद दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के यात्री अपने नजदीकी मेट्रो स्टेशन से सराय काले खां, आनंद विहार, साहिबाबाद या गाजियाबाद पहुंचकर नमो भारत ट्रेन से सीधे ऋषिकेश की यात्रा कर सकेंगे।

इससे खासतौर पर वीकेंड पर उत्तराखंड घूमने जाने वाले पर्यटकों और धार्मिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

सराय काले खां बनेगा नमो भारत नेटवर्क का सबसे बड़ा इंटरचेंज हब

एनसीआरटीसी (NCRTC) भविष्य में नमो भारत नेटवर्क को गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा से भी जोड़ने की योजना पर काम कर रहा है। इसी के तहत सराय काले खां स्टेशन को हाई-स्पीड रेल नेटवर्क का प्रमुख इंटरचेंज हब बनाया जाएगा।

योजना पूरी होने के बाद यह स्टेशन दिल्ली-गुरुग्राम-नीमराना-अलवर कॉरिडोर और प्रस्तावित दिल्ली-सोनीपत-पानीपत-करनाल कॉरिडोर को भी जोड़ने का केंद्र बनेगा। इससे हरियाणा और राजस्थान के यात्रियों को भी सीधे ऋषिकेश पहुंचने की सुविधा मिलेगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी जुड़ेगा नमो भारत नेटवर्क से

सरकार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भी नमो भारत नेटवर्क से जोड़ने की योजना पर विचार कर रही है। प्रारंभिक योजना के अनुसार, यह कनेक्टिविटी गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा के रास्ते विकसित की जाएगी।

यदि यह परियोजना पूरी होती है, तो हरिद्वार, ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को नोएडा एयरपोर्ट तक तेज और आसान रेल संपर्क मिलेगा, जिससे हवाई यात्रा भी अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी की पहल लाई रंग

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को ऋषिकेश तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था। अब इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद परियोजना को बड़ी गति मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बड़ा लाभ

नमो भारत ट्रेन का ऋषिकेश तक विस्तार केवल यात्रा को आसान नहीं बनाएगा, बल्कि उत्तराखंड के पर्यटन, होटल, व्यापार और स्थानीय रोजगार को भी नई रफ्तार देगा। साथ ही चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्यटन से जुड़े लाखों श्रद्धालुओं को तेज और सुरक्षित परिवहन का विकल्प मिलेगा।