दिल्ली : चलती स्लीपर बस में महिला से गैंगरेप, सड़क से जबरन खींचकर ले गए, वारदात के बाद सड़क पर फेंका
दिल्ली के रानी बाग इलाके से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 30 वर्षीय महिला के साथ चलती स्लीपर बस में कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह देर रात फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रही थी, तभी यह वारदात हुई।
महिला के अनुसार, उसने सड़क किनारे खड़े एक युवक से समय पूछा था। इसी दौरान आरोपी ने उसे जबरन पास खड़ी स्लीपर बस के अंदर खींच लिया। बस में पहले से कुछ अन्य लोग मौजूद थे। आरोप है कि इसके बाद चलती बस में करीब दो घंटे तक महिला के साथ दरिंदगी की गई।
मदद के लिए चिल्लाती रही पीड़िता
पीड़िता ने बताया कि घटना के दौरान बस अलग-अलग इलाकों में घूमती रही और नांगलोई क्षेत्र तक गई। वह लगातार मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन आरोपियों ने उसकी आवाज अनसुनी कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई।
करीब दो घंटे बाद आरोपी महिला को घायल अवस्था में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता ने खुद को संभाला और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मेडिकल जांच में हुई पुष्टि
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को कब्जे में ले लिया है। साथ ही आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
