Movie prime

एक करोड़ की शादी भी कम पड़ी, फॉर्च्यूनर और 50 लाख की मांग ने ली ग्रेटर नोएडा के दीपिका की जान

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 14 महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामला Jalpura Village का है। मृतका के मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।

जानकारी के मुताबिक गांव कूड़ी खेड़ा निवासी संजय नागर ने अपनी 24 वर्षीय बेटी दीपिका नागर की शादी करीब 14 महीने पहले जलपुरा गांव निवासी ऋतिक के साथ बड़े धूमधाम से की थी। परिजनों का कहना है कि शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे।

मृतका के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दीपिका पर मायके से फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बना रहा था। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

दीपिका की मां के अनुसार, वह फोन पर कई बार अपने साथ हो रही प्रताड़ना की बात बता चुकी थी, लेकिन समाज और रिश्ते बचाने की मजबूरी में सब कुछ सहती रही।

रविवार को मामला उस वक्त और गंभीर हो गया, जब दीपिका की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले उसकी हत्या की और फिर उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल छोड़कर फरार हो गए।

जब मायके वाले अस्पताल पहुंचे तो दीपिका मृत अवस्था में मिली। परिवार का कहना है कि उसके शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है।

वहीं पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर छत से कूदकर आत्महत्या करने का लग रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता की शिकायत पर दहेज हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।