Movie prime

NEET 2026 की तैयारियों का जायजा लेने NTA मुख्यालय पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान, बोले- परीक्षा होगी पूरी तरह...
 

 
 NEET 2026 की तैयारियों का जायजा लेने NTA मुख्यालय पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान, बोले- परीक्षा होगी पूरी तरह...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) मुख्यालय का दौरा कर NEET 2026 की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने NTA अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता और साइबर सुरक्षा उपायों का विस्तृत जायजा लिया।

बैठक के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्र सरकार सभी आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर परीक्षा केंद्रों तक सामग्री पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया में गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि परीक्षा सुरक्षा को लेकर कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के सचिवों की बैठक भी आयोजित की गई है। साथ ही उन्होंने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का अनुरोध किया है।

प्रधान ने कहा कि कई राज्यों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठकें शुरू कर दी हैं, जिनमें NTA के महानिदेशक भी शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि बिहार और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में परीक्षा सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठकें हो चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सभी संबंधित एजेंसियां परीक्षा से जुड़े हर पहलू पर नजर बनाए हुए हैं। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री और रक्षा मंत्री से मुलाकात की है तथा स्वास्थ्य मंत्री के साथ भी बैठक प्रस्तावित है। आने वाले दिनों में केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में भी एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी।

धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि NTA की संस्थागत क्षमता को मजबूत करने के लिए संयुक्त सचिव और निदेशक स्तर के कई नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सभी अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की चूक न हो।

साइबर खतरों और अफवाहों से निपटने के लिए सरकार ने व्यापक साइबर सुरक्षा तंत्र सक्रिय किया है। इसके तहत इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की साइबर क्षमताओं का भी उपयोग किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल अपनी तैयारी पर फोकस करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परीक्षा का आयोजन पूरी तरह निष्पक्ष और बिना किसी गड़बड़ी के किया जाएगा।

NEET पेपर लीक मामले पर बोलते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि मामले की जांच CBI कर रही है। सरकार चाहती है कि सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, उनकी भूमिका की गहन जांच की जाए और अदालत में शीघ्र सुनवाई के जरिए उन्हें उदाहरणात्मक सजा दिलाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन एजेंसियों ने अपने संविदात्मक दायित्वों का पालन नहीं किया, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की संभावनाओं की भी जांच की जा रही है।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। पिछली कमियों से सीख लेते हुए इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पहले से अधिक मजबूत, सुरक्षित और पारदर्शी बनाया गया है।