यूट्यूबर ध्रुव राठी की बढ़ीं मुश्किलें, मानहानि केस में कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट
दिल्ली की साकेत कोर्ट ने 2018 के मानहानि मामले में यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। यह मामला 'BJP IT Cell Part II' वीडियो से जुड़ा है। शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन ने वीडियो में कथित मानहानिकारक आरोप लगाए जाने की शिकायत की थी।
यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने 2018 के मानहानि मामले में उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। यह मामला ध्रुव राठी के 'BJP IT Cell Part II' नाम से जारी वीडियो से जुड़ा है, जिसमें शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन ने उनके खिलाफ कथित तौर पर मानहानिकारक आरोप लगाए जाने का दावा किया था। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 3 दिसंबर की तारीख तय की है।
क्या है ध्रुव राठी के खिलाफ मानहानि का मामला?
यह मामला मई 2018 में ध्रुव राठी की ओर से सोशल मीडिया पर जारी किए गए एक वीडियो से जुड़ा है। शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन का आरोप है कि ध्रुव राठी ने 'BJP IT Cell Part II' नाम के वीडियो में उनके खिलाफ कथित तौर पर झूठे और मानहानिकारक आरोप लगाए थे।
शिकायत के मुताबिक, वीडियो में दावा किया गया था कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आईटी सेल ने ध्रुव राठी को बदनाम करने के लिए एक व्यक्ति को रिश्वत देने की कोशिश की थी। यह वीडियो ध्रुव राठी के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया गया था। बाद में दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इसे रीट्वीट किया था।
इसी वीडियो को लेकर विकास सांस्कृत्यायन ने ध्रुव राठी के खिलाफ आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने वीडियो में लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
पहले जारी हुआ था जमानती वारंट
इस मामले में अक्टूबर महीने में भी दिल्ली की साकेत कोर्ट ने ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। उस समय अदालत को बताया गया था कि समन तामील कराने के लिए संबंधित पते पर पहुंचने पर परिसर बंद मिला था। इसके बाद कोर्ट ने जमानती वारंट जारी किया था।
अब मामले में गैर-जमानती वारंट जारी किए जाने के बाद ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ध्रुव राठी फिलहाल जर्मनी में रहते हैं। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को निर्धारित की है।
हाल ही में भारत आने पर हिरासत में लिए गए थे ध्रुव राठी
ध्रुव राठी हाल ही में 8 अक्टूबर को भारत पहुंचे थे। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का ऐलान किया था। हालांकि, प्रदर्शन में शामिल होने से पहले उन्हें गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित आवास से हिरासत में लिया गया था।
