संवाद, संवेदनशीलता और सकारात्मकता- CM योगी ने IPS प्रशिक्षुओं को दिया मॉडर्न पुलिसिंग मंत्र
Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आईपीएस प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संवाद, संवेदनशीलता और सकारात्मकता प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला हैं। उन्होंने जीरो टॉलरेंस के साथ मजबूत कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनता से निरंतर संवाद और त्वरित, जिम्मेदार कार्रवाई के महत्व पर जोर देते हुए आधुनिक पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।
Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संवाद, संवेदनशीलता और सकारात्मकता प्रभावी पुलिस अधिकारी की मूलभूत आवश्यकताएं हैं। मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर आईपीएस 2023 और 2024 बैच के कुल 23 प्रशिक्षु अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें कानून-व्यवस्था और आधुनिक पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जीरो टॉलरेंस अप्रोच के साथ मजबूत कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का सर्वोच्च दायित्व है। उन्होंने जोर दिया कि जनता से निरंतर संवाद, त्वरित कार्रवाई और जिम्मेदार पुलिसिंग से पुलिस की विश्वसनीयता और दक्षता बढ़ती है।

मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षुओं को थाना, सर्किल और पुलिस लाइन की कार्यप्रणाली को बारीकी से समझने की सलाह देते हुए कहा कि ह्यूमन इंटेलिजेंस पुलिस का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने कहा कि फील्ड में अधिक समय बिताकर वास्तविक समस्याओं को समझें और उनके संतोषजनक समाधान की क्षमता विकसित करें।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि पुलिस हमेशा फर्स्ट रिस्पांडर होती है, इसलिए घटनाओं पर संवेदनशील, निष्पक्ष और त्वरित प्रतिक्रिया देना आवश्यक है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद में गरिमा बनाए रखने और जनता के विश्वास को सर्वोपरि रखने की सलाह दी। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और अवैध ड्रग्स कारोबार के खिलाफ कठोर व त्वरित कार्रवाई करने पर विशेष जोर देने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इन क्षेत्रों में सक्रिय और प्रभावी पुलिसिंग से समाज में सुरक्षा की भावना और मजबूत होगी। आईपीएस प्रशिक्षु अधिकारियों ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे इसे फील्ड प्रशिक्षण और आगे की सेवा में आधार बनाएंगे।
