Movie prime

दर्पण को दोष न दें,अपना चेहरा देखें...SIR पर भूपेंद्र चौधरी ने विपक्ष को घेरा, सपा पर लगाया ये बड़ा आरोप

 
Bhupendra
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश समेत देश के 12 राज्यों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य जारी है। इसी बीच इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। यूपी में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि सपा जानबूझकर संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास का माहौल बना रही है, जो लोकतंत्र और देश दोनों के हित में नहीं है।

एसआईआर सिर्फ अपात्र मतदाताओं को हटाने की प्रक्रिया

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि एसआईआर एक पूरी तरह से संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य केवल अपात्र और फर्जी नामों को मतदाता सूची से हटाना है, ताकि सही और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि "देश की जनता जिस सरकार को चुनती है, वह सही मतदाता सूची पर आधारित होनी चाहिए।

सपा पर रोहिंग्या और घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने सपा पर तीखा हमला करते हुए कहा, सपा का एजेंडा रोहिंग्या और घुसपैठियों को मतदान का अधिकार दिलाकर देश को कमजोर करना है। उन्होंने कहा कि बिहार में भी इसी तरह नकारात्मक माहौल बनाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश हुई है। उनका कहना है कि विपक्ष का लक्ष्य केवल अस्थिरता फैलाना और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना है, लेकिन ये कोशिशें सफल नहीं होंगी।

महमूद मदनी के बयान पर प्रतिक्रिया

जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनने के बाद विपक्ष हताश और निराश हो गया है। यही कारण है कि वे ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं।

दर्पण को दोष न दें, अपना चेहरा देखें

अपनी बात को साफ करते हुए चौधरी ने कहा, लोकतंत्र की जड़ें बहुत गहरी हैं। देश की जनता को अपनी संस्थाओं पर पूरा विश्वास है। विपक्ष के नेता दर्पण को दोष न दें, बल्कि अपना चेहरा देखने की हिम्मत करें। एसआईआर को लेकर चल रही सियासत के बीच यह बयान एक बार फिर इस मुद्दे को राष्ट्रीय राजनीतिक बहस के केंद्र में ले आया है।