बाबा जी, मेरी जवानी या बेडरूम के सपने मत देखो, कंगना रनौत का बाबा रामदेव पर तीखा पलटवार
नई दिल्ली। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत के ‘गटर जेनरेशन’ वाले बयान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बाबा रामदेव और कंगना रनौत के बीच तीखी बयानबाजी तक पहुंच गया है। कंगना ने बाबा रामदेव की उस टिप्पणी पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कंगना की क्वालिफिकेशन और उनके पुराने जीवन को लेकर सवाल उठाए थे।
कंगना ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बाबा रामदेव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें उनके चरित्र पर ज्ञान देने की जरूरत नहीं है। कंगना ने अपने पोस्ट में लिखा, “बाबा जी, आप मेरी जवानी या बेडरूम के बारे में सपने मत देखो। कोई भी केवल अफवाहों और गॉसिप के आधार पर ही अंदाजा लगा सकता है।”
कंगना ने आगे बाबा रामदेव पर मेडिकल दावों को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें झूठे या कथित फ्रॉड मेडिकल दावों के मामले में सुप्रीम कोर्ट से फटकार नहीं लगी है। उन्होंने लिखा, “ये फैक्ट्स पर बेस्ड है, गॉसिप पर नहीं। तो मुझे कैरेक्टर पर ज्ञान मत दीजिए, मेरा चरित्र आपसे कहीं ज्यादा बेहतर है और यहां कोई धोखाधड़ी नहीं है।”
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के बाद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर एक स्टोरी शेयर की थी। इसमें उन्होंने युवा पीढ़ी, खासकर Gen Z को लेकर ‘गटर जेनरेशन’ जैसी टिप्पणी की थी। कंगना के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया।
कंगना के बयान की फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों और राजनीतिक हस्तियों ने आलोचना की। हालांकि, कंगना ने अपने बयान पर माफी मांगने के बजाय उसका बचाव किया।
बाबा रामदेव ने क्या कहा था?
एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में बाबा रामदेव से कंगना के ‘गटर छाप’ बयान को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कंगना की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा था, “उनका बचपन कैसा रहा है? उनकी जवानी कैसी रही है? उनके पहले के कारनामे कैसे रहे हैं? मैं ऐसे लोगों के बारे में बात नहीं करना चाहता।”
बाबा रामदेव ने आगे कहा था कि देश के जवानों को ‘गटर’ कहना बिगड़े हुए दिमाग की निशानी है। उन्होंने इसे पूरी तरह गलत बताते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से कंगना के बयान पर संज्ञान लेने की अपील भी की थी।
